
दमोह। जबेरा से विधायक एवं मध्य प्रदेश सरकार के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ने कहा कि जबेरा-तेंदूखेड़ा क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है कि मध्य प्रदेश पुरातत्व विभाग द्वारा क्षेत्र की पांच महत्वपूर्ण प्राचीन एवं ऐतिहासिक धरोहरों को राज्य संरक्षित स्मारकों की सूची में शामिल किया गया है। क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक, ऐतिहासिक एवं धार्मिक विरासत के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। मढ़ा मंदिर, ग्राम दौनी, तहसील तेंदूखेड़ा,सूर्य मंदिर, ग्राम मोहड़, तहसील तेंदूखेड़ा,मढ़ा मंदिर, ग्राम बड़दुंवा, तहसील जबेरा,श्री राम-जानकी मंदिर, ग्राम पुंवार, तहसील जबेरा, वंशीपुर मठ, जबेरा राज्य संरक्षित स्मारकों की सूची में शामिल किए गए हैं।
मंत्री श्री लोधी ने कहा कि इन प्राचीन स्थलों को राज्य संरक्षित स्मारकों की सूची में शामिल किए जाने से इनके समुचित संरक्षण, संवर्धन एवं ऐतिहासिक स्वरूप को सुरक्षित रखने के प्रयासों को मजबूती मिलेगी। दमोह जिला सदियों पुरानी सांस्कृतिक एवं धार्मिक परंपराओं का केंद्र रहा है। इन धरोहरों का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों को अपनी विरासत से जोड़ने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर पर्यटन गतिविधियों और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा देने में सहायक होगा। क्षेत्रवासियों ने भी इस महत्वपूर्ण पहल पर हर्ष व्यक्त करते हुए इसे क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत के सम्मान और संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है।
