गुना: जिले में मंगलवार को एक विधवा महिला ने न्याय पाने के लिए बेहद अनोखा तरीका अपनाया। बमोरी तहसील के धनोरिया गांव की रहने वाली सुशीला बाई अपने दोनों बेटों के साथ गले में शिकायतों के आवेदनों की माला पहनकर सीधे कलेक्ट्रेट कार्यालय जा पहुंची और जिला कलेक्टर से अपनी फरियाद लगाई।
पीड़ित महिला का मुख्य आरोप है कि उसके पति के नाम पर दर्ज करीब 5 बीघा पुश्तैनी कृषि भूमि पर पिछले पांच वर्षों से कुछ दबंगों ने अवैध कब्जा कर रखा है। सुशीला बाई के अनुसार, इसी जमीन से उनका पूरा परिवार खेती-किसानी कर अपना गुजारा करता था और इस भूमि पर बोरिंग व बिजली कनेक्शन भी मौजूद है। महिला का कहना है कि जब भी वह या उसका परिवार जमीन पर जाने की कोशिश करता है, तो आरोपी उनके साथ गाली-गलौज और मारपीट करते हैं।
अधिकारियों के चक्कर काटने पर भी नहीं मिला इंसाफ
महिला का दर्द है कि पति के जीवित रहते भी उन्होंने थाना, तहसीलदार और एसपी कार्यालय में कई बार लिखित शिकायतें दर्ज कराई थीं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पति की मौत के बाद अब परिवार की पूरी जिम्मेदारी सुशीला बाई के कंधों पर है और यही जमीन उनकी आजीविका का एकमात्र सहारा है।
22 सितंबर को दिए गए इस नए आवेदन के जरिए उन्होंने कलेक्टर से मांग की है कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए, दबंगों के कब्जे से उनकी जमीन को मुक्त कराया जाए और उन्हें न्याय दिलाया जाए
