भारतीय उत्पादों को बढ़ावा देने आज राज्य स्तरीय व्यापारी सम्मेलन, ग्वालियर-चंबल के उत्पादों की लगेगी प्रदर्शनी

ग्वालियर: भारतीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से कैट मध्यप्रदेश इकाई द्वारा आज रविवार 30 अगस्त को भोपाल में राज्य स्तरीय व्यापारी सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है।सम्मेलन का आयोजन मध्यप्रदेश विधानसभा परिसर स्थित मानसरोवर सभागार में प्रातः 11 बजे से होगा। कार्यक्रम का शुभारंभ मध्यप्रदेश विधानसभा के अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर मुख्य अतिथि के रूप में करेंगे। कैट मध्यप्रदेश के अध्यक्ष भूपेन्द्र जैन ने बताया कि इस सम्मेलन में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष बी.सी. भरतिया, राष्ट्रीय महामंत्री एवं सांसद प्रवीण खंडेलवाल, राष्ट्रीय चेयरमैन बृजमोहन अग्रवाल तथा कैट महिला विंग की राष्ट्रीय अध्यक्ष संगीता पाटिल विशेष रूप से उपस्थित रहेंगी।

सम्मेलन में ग्वालियर-चंबल संभाग से 50 से अधिक व्यापारी प्रतिनिधि शामिल होंगे। कैट ग्वालियर के अध्यक्ष मुकेश अग्रवाल, महामंत्री रामकुमार गोयल, कोषाध्यक्ष नितिन गोयल, संभागीय अध्यक्ष रवि गुप्ता, महामंत्री मुकेश जैन और कोषाध्यक्ष विकास शिवहरे ने बताया कि सम्मेलन में चंबल संभाग के हर जिले के प्रसिद्ध स्थानीय उत्पादों को प्रमुखता से प्रदर्शित किया जाएगा।
इसके तहत श्योपुर के लकड़ी के खेल-खिलौने और आदिवासी हस्तशिल्प, भिण्ड का प्रसिद्ध पेड़ा, मुरैना की गजक, ग्वालियर का पेठा, शिवपुरी की मूंगफली, गुना का धनिया और अशोकनगर के शरबती गेहूं सहित अन्य जिलों के उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई जाएगी। साथ ही उनके महत्व और उपयोगिता के बारे में भी जानकारी दी जाएगी। दिल्ली की तर्ज पर भारतीय व्यापार महोत्सव का आयोजन मध्यप्रदेश में भी भोपाल या इंदौर में करने की योजना है, जिस पर शीघ्र निर्णय लिया जाएगा।

Next Post

चित्रकूट पहुंचे मुख्यमंत्री

Sun Aug 30 , 2026
 सतना. मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव बाढ़ प्रभावित चित्रकूट का दौरा करने पहुचे चित्रकूट पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव,मंदाकिनी नदी बाढ प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण करेंगे। हेलीकॉप्टर से मुख्यमंत्री जी के साथ विधायक चित्रकूट सुरेंद्र सिंह गहरवार कमिश्नर रीवा शीलेन्द्र सिंह भी चित्रकूट पहुंचे। Facebook Share on X LinkedIn WhatsApp Email […]

You May Like