छतरपुर: पुलिस ने नशा मुक्ति अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध मादक पदार्थों की तस्करी में लिप्त तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ओरछा रोड थाना पुलिस ने ग्राम कैंडी फोरलेन ब्रिज यात्री प्रतीक्षालय के पास दबिश देकर इन तस्करों को पकड़ा। पुलिस ने इनके पास से छह पैकेटों में भरा 6 किलोग्राम से अधिक अवैध गांजा जब्त किया है, जिसकी अनुमानित कीमत 90 हजार रुपए बताई जा रही है।
थाना पुलिस को क्षेत्र भ्रमण के दौरान सूचना मिली थी कि कुछ लोग अवैध गांजा की तस्करी की तैयारी कर रहे हैं। सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम मौके पर पहुँची। पुलिस को देखते ही संदिग्ध लोगों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन पुलिस ने घेराबंदी कर उन्हें पकड़ लिया।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रामजी पाल (निवासी ग्राम अगरा, थाना सटई), देवीदीन साहू और मोहनलाल साहू (निवासी वार्ड क्रमांक 8, बड़ा मलहरा) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, आरोपी रामजी पाल पर पूर्व में मारपीट का एक मामला दर्ज है।
