नयी दिल्ली 26 सितंबर (वार्ता) केद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में सफर को शानदार बताते हुए कहा है कि इस ट्रेन की सुविधाएं, सुरक्षा व्यवस्था और आरामदायक यात्रा नये भारत की तस्वीर दिखाती हैं।
श्री चौहान ने शनिवार को मध्य प्रदेश में भोपाल से महाराष्ट्र में नागपुर तक वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन में सवारी की और अपने इस सफर को लेकर सोशल मीडिया मंच इस्टाग्राम और एक्स पर वीडियो साझा करते हुए लिखा कि वंदे भारत में सफर करना अपने आप में एक अद्भुत अनुभव है। ट्रेन की आधुनिक सुविधाएँ, सुरक्षा व्यवस्था और आरामदायक यात्रा नये भारत की तस्वीर दिखाती हैं। खिड़कियों से बाहर दिखते नदी, पहाड़, जंगल और पेड़ों का सौंदर्य मन को आनंद से भर देते हैं।
उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का यात्रियों की सुविधा और आधुनिक रेल व्यवस्था का दृष्टिकोण तथा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रयासों से भारतीय रेल निरंतर नए रूप में आगे बढ़ रही है। स्वदेश में निर्मित वंदे भारत नये भारत की गति, सुविधा और आत्मविश्वास का अनुभव कराती है। आप भी अवसर मिले तो वंदे भारत में यात्रा जरूर कीजिए।”
