
छतरपुर। राजनगर क्षेत्र में लूट की वारदात सामने आई है। यहां 57 वर्षीय शिक्षक भरत लाल नाहर पर हमला कर सोने की चेन लूट ली गई।
भरत लाल नाहर सब्जी लेकर घर लौट रहे थे, तभी मुक्तिधाम के पास अंधेरे में एक बाइक पर सवार 2 से 3 युवकों ने उन्हें रोका और बागेश्वर धाम जाने का रास्ता पूछा। जैसे ही शिक्षक ने रुककर उन्हें रास्ता बताया, एक युवक बाइक से उतरा और पीछे से उनके सिर पर वार कर दिया। इसके बाद हमलावरों ने गले से करीब 2 तोले की सोने की चेन लूट ली और मौके से फरार हो गए।
घायल शिक्षक ने आज सुबह 10:30 बजे जिला अस्पताल में पुलिस को घटना की जानकारी दी।
भरत लाल नाहर ने बताया, मैंने थाने में शिकायत दर्ज करा दी है और फिलहाल जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
