सिंगरौली : जिले में ओवरलोडिंग और बिना तिरपाल खुले में रेत, गिट्टी, मिट्टी, फ्लाई ऐश व कोयले का परिवहन करने वाले वाहनों के खिलाफ परिवहन विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है।कलेक्टर अंकित अस्थाना के निर्देश पर सड़क सुरक्षा, पर्यावरण संरक्षण एवं प्रदूषण नियंत्रण को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत एक ओवरलोड रेत वाहन पर चालानी कार्रवाई की गई।
आरटीओ मनीष त्रिपाठी के मार्गदर्शन में चेक पॉइंट प्रभारी एवं विभागीय टीम ने जयंत चेक पॉइंट, मोरवा, शुक्ला मोड़, एनटीपीसी गेट तथा कांटा मोड़ पर सघन जांच अभियान चलाया। इस दौरान मालवाहक वाहनों के परमिट, फिटनेस, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र सहित अन्य वैधानिक दस्तावेजों की जांच की गई। बिना तिरपाल ओवरलोड रेत परिवहन करते पाए गए वाहन के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत चालान काटा गया।
अभियान के दौरान सड़क सुरक्षा को लेकर वाहनों में रेडियम रिफ्लेक्टर की जांच भी की गई। जिन वाहनों में रिफ्लेक्टर नहीं मिले, उनमें विभागीय टीम ने रिफ्लेक्टर लगाकर रात्रि में दृश्यता बढ़ाने और दुर्घटनाओं की आशंका कम करने का प्रयास किया। परिवहन विभाग के अनुसार 1 नवंबर से 20 नवंबर तक ऑफलाइन एवं ऑनलाइन कार्रवाई के माध्यम से कुल 8 लाख 48 हजार 800 रुपये का राजस्व अर्जित किया गया। विभाग ने वाहन संचालकों को नियमों का पालन करने की हिदायत देते हुए उल्लंघन पर लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
