सिंगरौली : जन विश्वास अभियान के तहसील मुख्यालय देवसर में आयोजित शिविर के दौरान कलेक्टर अंकित अस्थाना ने निर्माणाधीन सिविल अस्पताल बरगवां का निरीक्षण किया।इस दौरान उन्होंने अस्पताल भवन के विभिन्न वार्डों का अवलोकन कर निर्माण कार्यों की प्रगति, उपलब्ध सुविधाओं तथा शेष कार्यों की स्थिति का जायजा लिया। कलेक्टर ने कार्यपालन यंत्री पीआईयू को निर्देशित किया कि अस्पताल के शेष निर्माण कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराएं, ताकि अस्पताल को शीघ्र प्रारंभ कर क्षेत्र के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
अस्पताल में पर्याप्त पेयजल व्यवस्था हो
कलेक्टर ने अस्पताल में पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि जल निगम की योजना अथवा नगर परिषद के माध्यम से अस्पताल परिसर में नियमित एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाए। अस्पताल में पेयजल, साफ.-सफाई, आवश्यक सुविधाओं एवं अन्य व्यवस्थाओं को प्राथमिकता के साथ पूर्ण किया जाए, ताकि अस्पताल संचालन के लिए आवश्यक आधारभूत सुविधाएं पहले से उपलब्ध रहें। कलेक्टर ने निर्देश दिए कि अस्पताल प्रारंभ होने से पूर्व सभी निर्धारित एसओपी मानक संचालन प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित किया जाए। निरीक्षण के दौरान जिला पंचायत सीईओ सघप्रिय मौजूद रहे।
