फिल्म ‘धुरंधर’ ने 37वें दिन भी बॉक्स ऑफिस पर दमदार पकड़ बनाए रखी है। प्रभास की ‘द राजा साब’ की रिलीज के बावजूद फिल्म ने 5.75 करोड़ कमाए। घरेलू कलेक्शन 800 करोड़ के करीब है।
बॉलीवुड की ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘धुरंधर’ बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रचने के बाद भी रुकने का नाम नहीं ले रही है। रिलीज के 37वें दिन भी फिल्म ने शानदार कमाई करते हुए यह साबित कर दिया है कि दर्शकों के दिलों में इसका क्रेज अभी बरकरार है। रणवीर सिंह, संजय दत्त, अक्षय खन्ना, अर्जुन रामपाल और आर. माधवन जैसे दमदार सितारों से सजी इस फिल्म ने न सिर्फ 2025 की सबसे सफल फिल्मों में अपनी जगह पक्की की है, बल्कि कई बड़े रिकॉर्ड्स भी तोड़ दिए हैं।
खास बात यह है कि पैन इंडिया सुपरस्टार प्रभास की बहुप्रतीक्षित फिल्म ‘द राजा साब’ की रिलीज और उसकी जबरदस्त ओपनिंग के बावजूद ‘धुरंधर’ की कमाई पर कोई खास असर नहीं पड़ा। जहां उम्मीद की जा रही थी कि नई रिलीज के चलते ‘धुरंधर’ की रफ्तार धीमी पड़ेगी, वहीं फिल्म ने 37वें दिन भी बॉक्स ऑफिस पर मजबूती से पकड़ बनाए रखी।
