वादे पूरे करने की दिशा में तेज गति से काम कर रहे भजनलाल: शाह

चित्तौड़गढ़, 16 अगस्त (वार्ता) केन्द्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा की प्रशंसा करते हुए कहा है कि वह वादे पूरे करने की दिशा में तेज गति से काम कर रहे हैं।

श्री शाह रविवार को चित्तौड़गढ़ के निम्बाहेड़ा में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा अनावरण के बाद आयोजित अटल गौरव स्मृति समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि राजस्थान को पानी की कमी के लिए जाना जाता था, लेकिन श्री शर्मा ने तीन बड़े जल समझौते कर आधे राजस्थान की प्यास बुझाने का काम किया है। हरियाणा, गुजरात और पंजाब तक का पानी वह यहां लाये हैं। साथ ही पूरे राजस्थान को हरियाली से भरने के लिए प्रदेश में विशेष अभियान भी चलाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि श्री शर्मा के नेतृत्व में हुए राइजिंग राजस्थान ग्लोबल इन्वेस्टमेंट समिट में 35 लाख करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव आये हैं। राजस्थान के विकास के लिए 36 नयी नीतियां बनायी हैं। प्रदेश में एक लाख 78 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी नौकरियां दी गयी हैं। गरीब परिवारों को 450 रुपये में गैस सिलेंडर दिया जा रहा है। अब तक पांच करोड़ 87 लाख सिलेंडर पर प्रदेश में सब्सिडी दी गयी है। मुख्यमंत्री आयुष्मान आरोग्य योजना के तहत प्रदेश में 45 लाख लोगों को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन और मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में राजस्थान बहुत आगे बढ़ने वाला है।

इस अवसर पर 15 जिलों में पांच हजार 659 करोड़ रुपये के 944 विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास किया गया। साथ ही जल जीवन मिशन के तहत एक हजार 500 गांवों को हर घर नल से जल की सौगात दी गयी।

इससे श्री शाह ने श्री वाजपेयी की अष्टधातु से निर्मित प्रतिमा का अनावरण किया तथा पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। उन्होंने पंच गौरव पवेलियन, भारत टैक्सी, ई-पैक्स, प्रधानमंत्री भारतीय जन औषधि केन्द्र, माणिक्यलाल वर्मा आदम जाति शोध एवं प्रशिक्षण संस्थान एवं राजीविका, चित्तौड़गढ़ केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड तथा उद्योग एवं वाणिज्य विभाग की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया।

 

 

 

Next Post

भारतीय व्यापार महोत्सव में 5,000 करोड़ रुपये से अधिक के व्यापारिक अवसर सृजित

Sun Aug 16 , 2026
नयी दिल्ली, 16 अगस्त (वार्ता) राष्ट्रीय राजधानी के भारत मंडपम में आयोजित भारतीय व्यापार महोत्सव (बीवीएम) 2026 में 1.8 लाख लोगों ने हिस्सा लिया और 5,000 करोड रुपये से अधिक के व्यापारिक अवसर सृजित हुए। कॉन्फ़ेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) एवं इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (आईटीपीओ) द्वारा संयुक्त रूप […]

You May Like