नयी दिल्ली, 21 नवंबर (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अगले 20 वर्षों में विकसित भारत के निर्माण के लिए छात्रों से पूरी मेहनत से काम करने का संकल्प लेने का आह्वान करते हुए कहा है कि देश को विकसित बनाने में युवाओं की अहम भूमिका होगी। श्री मोदी ने शनिवार को पश्चिम बंगाल में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान, आई आई टी खड़गपुर के 75वें स्थापना वर्ष के समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि भारत ने पिछले कुछ वर्षों में अपनी सोच की सीमाएं तोड़कर कई क्षेत्रों में नयी उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने गरीबी उन्मूलन, सेमीकंडक्टर निर्माण और अंतरिक्ष क्षेत्र में हुए बदलावों का उदाहरण देते हुए कहा कि जो काम पहले असंभव माने जाते थे, वे आज संभव हो रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने दावा किया कि विश्व बैंक की ताजा रिपोर्ट के अनुसार, पिछले 12-13 वर्षों में भारत में 50 करोड़ लोग गरीबी से बाहर निकले हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने गरीबों को सशक्त बनाने और उनका जीवन आसान करने के लिए कई योजनाएं शुरू की हैं।
सेमीकंडक्टर क्षेत्र का जिक्र करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि मिशन शुरू होने पर कई लोगों ने सवाल उठाये थे कि भारत को इसकी क्या जरूरत है और अब इस क्षेत्र में देर हो चुकी है। लेकिन सरकार ने इस दिशा में काम शुरू किया। उन्होंने कहा कि चार साल के भीतर देश में कई सेमीकंडक्टर सुविधाएं शुरू हुई हैं और भारत चिप का निर्यात करने लगा है। अंतरिक्ष क्षेत्र में बदलाव का उल्लेख करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले इसरो के बाहर के युवाओं के लिए इस क्षेत्र में अवसर सीमित थे। सरकार ने अंतरिक्ष क्षेत्र को युवाओं के लिए खोलने का फैसला किया। उन्होंने आई आई टी खड़गपुर के पूर्व छात्र पवन का उदाहरण देते हुए कहा कि उन्होंने स्काईरूट एयरोस्पेस की स्थापना कर भारत के पहले निजी रॉकेट लॉन्च में योगदान दिया।
श्री मोदी ने छात्रों से कहा कि आने वाले दो दशक उनके जीवन के सबसे महत्वपूर्ण वर्षों में होंगे। वर्ष 2047 तक उनमें से कई लोग नेतृत्व की जिम्मेदारियों में होंगे। उन्होंने युवाओं से देश की चुनौतियों को पहचानने और उनके समाधान में योगदान देने की अपील की। प्रधानमंत्री ने कहा कि छात्रों को हमेशा ‘नेशन फर्स्ट’ यानी राष्ट्र प्रथम की भावना के साथ आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जतायी कि आई आई टी खड़गपुर के 100 साल पूरे होने का समारोह विकसित भारत में आयोजित होगा।
अपने संबोधन के अंत में प्रधानमंत्री ने स्वामी विवेकानंद के संदेश ‘उठो, जागो और तब तक मत रुको, जब तक लक्ष्य प्राप्त न हो जाये’ को दोहराते हुए युवाओं से लक्ष्य हासिल करने के लिए लगातार मेहनत करने का आह्वान किया।

