सतना : सिटी कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत धवारी महादेवा में निवासरत एक विवाहिता की जिग्रहट नदी में डूबने से मौत हो गई. एसडीआरफ की टीम ने कड़ी मशक्कत करते हुए शव को खोज निकाला. पुलिस द्वारा प्रकरण दर्ज कर विवेचना की जा रही है.सोमवार की सुबह जिग्रहट नदी पर बने रपटे से एक महिला के नदी में डूब जाने की घटना की जानकारी मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई. मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस द्वारा घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीआरएफ को सूचित किया गया. मौके पर पहुंची एसडीआरएफ की टीम ने सर्च ऑपरेशन शुरु किया.
लगभग दो घंटे से अधिक समय तक कड़ी मशक्कत करते हुए एसडीआरएफ ने नदी में डूबी महिला के शव को खोज निकाला. जिसे पुलिस ने अपने कब्जे में लेते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया. मृतका की पहचान मधु सिंह पति रोहित उम्र 35 वर्ष के तौर पर हुई. बताया गया कि मूल रुप से नागौद क्षेत्र के तुर्रा गांव की निवासी महिला पिछले कुछ वर्ष से अपने पति के साथ धवारी महादेवा क्षेत्र में निवास कर रही थी. परिवार में पति के अलावा एक पुत्र भी है. वहीं घटना की जानकारी मिलने पर मृतका के बांधी मौहार निवासी माएके पक्ष के लोग भी पहुंच गए.
पति-पत्नी के बीच हुई थी कहासुनी
परिजनों से प्राप्त जानकारी के अनुसार कुछ रुपयों के लेन-देन को लेकर पति और पत्नी के बीच कहासुनी हुई थी. इसी कड़ी में यह जानकारी भी सामने आई कि कहासुनी से क्षुब्ध होकर महिला जिग्रहट नदी के रपटे पर पहुंच गई और वहां से नदी में छलांग लगा दी. वहीं कोतवाली पुलिस द्वारा घटना से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए विवचेना की जा रही है.
