
रीवा, रीवा-बनारस नेशनल हाईवे पर सोमवार को एक सड़क हादसा हो गया। मनगवां थाना क्षेत्र के अंतर्गत जरहा पुल के समीप एक तेज रफ्तार बोलेरो के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए एक साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। साइकिल सवार को टक्कर मारने के बाद अनियंत्रित हुई बोलेरो सड़क किनारे एक पेड़ से जा टकराई। इस दुर्घटना में बोलेरो चालक और साइकिल सवार दोनों ही गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, साइकिल सवार की पहचान बड़कू पटेल के रूप में हुई है। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि साइकिल के परखच्चे उड़ गए और बड़कू पटेल को गंभीर चोटें आई हैं। वहीं, पेड़ से टकराने के कारण बोलेरो का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे उसका चालक भी वाहन के भीतर ही गंभीर रूप से जख्मी हो गया।आसपास के स्थानीय लोगों ने तुरंत हादसे की सूचना स्थानीय प्रशासन और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मनगवां थाना पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल भिजवाया, जहाँ उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद संजय गांधी मेमोरियल अस्पताल रेफर किए जाने की खबर है।फिलहाल मनगवां थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटना की विस्तृत जांच कर रही है।
