ग्वालियर। ग्वालियर पहुंचे केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने सोमवार दोपहर महाराज बाड़ा स्थित निर्माणाधीन मल्टीलेवल पार्किंग प्रोजेक्ट का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति, प्रोजेक्ट की वर्तमान स्थिति और तकनीकी पहलुओं की जानकारी अधिकारियों से ली।
निरीक्षण के दौरान मध्य प्रदेश सरकार के मंत्री तुलसी सिलावट, नारायण सिंह कुशवाहा, जीडीए उपाध्यक्ष सुधीर गुप्ता समेत ग्वालियर कलेक्टर, एडीएम, नगर निगम आयुक्त और प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारी मौजूद रहे। सिंधिया ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि पार्किंग प्रोजेक्ट का निर्माण कार्य तय समय सीमा में पूरी गुणवत्ता के साथ जल्द पूरा किया जाए।
महाराज बाड़ा ग्वालियर का प्रमुख व्यापारिक और व्यस्त क्षेत्र है। मल्टीलेवल पार्किंग शुरू होने के बाद क्षेत्र में पार्किंग की समस्या और ट्रैफिक जाम से राहत मिलने की उम्मीद है। सिंधिया ने निर्माण के दौरान आम लोगों को कम से कम परेशानी हो और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे, इसके लिए भी अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
