ग्वालियर: ट्रांसपोर्ट नगर में बैटरी व्यापारी का शव उनके किराए के गोदाम में ऑफिस में मिला। व्यापारी के सिर में गोली लगी थी और उसके पास 32 बोर की अवैध पिस्टल पड़ी हुई थी। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।जानकारी के अनुसार शिवम गुप्ता विगत रोज की तरह काम के लिए घर से निकले थे। विगत देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनके मोबाइल पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला। इसके बाद परिजन उनकी तलाश में निकल पड़े।
परिजन उनकी तलाश करते करते रात में ट्रांसपोर्ट नगर की पार्किंग नंबर-6 में बने गोदाम पर पहुंचे। गोदाम के अंदर बने ऑफिस का दरवाजा खोलते ही शिवम खून से लथपथ हालत में पड़े मिले। उनके सिर में गोली लगी हुई थी। सूचना मिलते ही बहोड़ापुर थाना पुलिस और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। मौके से अवैध पिस्टल और मृतक का मोबाइल जब्त किया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
बताया जा रहा है कि शिवम अपने माता-पिता के इकलौते बेटे थे और बैटरी का व्यापार करते थे। परिवार के अनुसार वह सामान्य रूप से काम पर गए थे और उन्होंने किसी परेशानी का जिक्र नहीं किया था। ऐसे में उनकी मौत से परिवार गहरे सदमे में है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि शिवम ने यह कदम क्यों उठाया। उनके मोबाइल की कॉल डिटेल और आखिरी बार किससे बातचीत हुई थी, इसकी जांच की जा रही है।
