दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी फर्जी निकली

नयी दिल्ली, 23 फरवरी (वार्ता) दिल्ली विधानसभा को सोमवार को बम से उड़ाने की धमकी सुरक्षा एजेंसियों की जांच के बाद फर्जी निकली।

अग्निशमन विभाग ने बताया कि दिल्ली विधानसभा को बम से उड़ाने की धमकी वाला ईमेल मिला था। उन्होंने कहा कि करीब बारह बजे बम की सूचना मिलने के बाद अग्निशमन की टीम को मौके पर भेजा गया और जांच में यह फर्जी निकला।

दिल्ली विधानसभा की ओर बताया गया कि विधानसभा के अध्यक्ष विजेन्द्र गुप्ता को भी व्यक्तिगत ईमेल पर सोमवार को बम विस्फोट की धमकी मिली जिसमें दिल्ली विधानसभा को बम से उडाने की बात कही गयी है। मामले की जानकारी संबंधित सुरक्षा विभाग को दी गयी है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में अध्यक्ष ने दिल्ली पुलिस आयुक्त को प्राप्त ईमेल की जानकारी देते हुए तुरंत आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

इससे पहले आज धौला कुआं स्थित आर्मी पब्लिक स्कूल और लोधी रोड के एयर फोर्स बाल भारती स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी वाले ई-मेल मिलने के बाद स्कूल परिसरों में तलाशी अभियान चलाया गया। दिल्ली पुलिस, बम निरोधक दस्ता, डॉग स्क्वॉड और दिल्ली अग्निशमन सेवा की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं और छात्रों एवं स्टाफ की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्कूल परिसरों की गहन जांच की गयी।

पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि हम ईमेल के सोर्स को वेरिफाई कर रहे हैं। ईमेल के ओरिजिन का पता लगाने और भेजने वाले की पहचान करने के लिए साइबर सेल को लगाया गया है।

राष्ट्रीय राजधानी को शनिवार को उस समय हाई अलर्ट पर रखा गया था, जब खुफिया एजेंसियों ने पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा द्वारा दिल्ली के भीड़भाड़ वाले धार्मिक और विरासत स्थलों को निशाना बनाने की साजिश की चेतावनी दी थी।

 

 

Next Post

राहुल ने 'मोहम्मद दीपक' को गले लगाया, बोले साहस की लौ हर युवा में जलनी चाहिए

Mon Feb 23 , 2026
नयी दिल्ली, 23 फरवरी (वार्ता) उत्तराखंड के कोटद्वार में रहने वाले ‘मोहम्मद दीपक’ ने सोमवार को यहां कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष तथा लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। गौरतलब है कि कोटद्वार के दीपक पिछले दिनों तब चर्चा में आये जब उनके शहर में एक मुस्लिम […]

You May Like