भूकंप प्रभावित वेनेजुएला में भारत ने भेजी सेना की विशेष मेडिकल टीम

नयी दिल्ली, 26 जून (वार्ता) भारत ने उत्तरी वेनेजुएला में विनाशकारी भूकंप से हुई तबाही से निपटने तथा राहत अभियान में मदद के लिए ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ के तहत सेना की विशेष मेडिकल टीम भेजी है।

सेना ने शुक्रवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में वेनेजुएला के साथ एकजुटता दिखाते हुए लिखा , ” ‘हम आपके दुख में शामिल हैं। हम आपके साथ हैं।”

सेना ने कहा है कि उसके 60 पैरा फील्ड हॉस्पिटल की 41 सदस्यों वाली टीम, जिसमें नौ मेडिकल ऑफिसर शामिल हैं आज वायु सेना के दो विमानों में रवाना हुई। आपातकालीन चिकित्सा देखभाल, ट्रॉमा मैनेजमेंट, सर्जरी और क्रिटिकल केयर देने में सक्षम यह टीम अपने साथ लगभग छह टन मेडिकल सामान और मानवीय सहायता ले जा रही है। इसमें भारत के ‘आरोग्य मैत्री प्रोजेक्ट’ के तहत स्वदेशी रूप से विकसित ‘भीष्म क्यूब’ भी शामिल है।

‘भीष्म क्यूब’ तेज़ी से स्थापित किया जा सकने वाला एक मॉड्यूलर फील्ड हॉस्पिटल है। यह 200 मरीज़ों तक के लिए एडवांस्ड ट्रॉमा केयर, आपातकालीन सर्जरी और इंटेंसिव केयर देने में सक्षम है, जिससे आपदा के समय तेजी से मदद पहुंचायी जाती है।

यह मिशन मानवीय सहायता और आपदा राहत के प्रति भारत की अटूट प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जो “वसुधैव कुटुंबकम” – यानी “पूरी दुनिया एक परिवार है” – की शाश्वत भावना से प्रेरित है।

सेना ने कहा है कि मुश्किल समय में, भारत वेनेजुएला के लोगों के साथ एकजुटता से खड़ा है और प्रभावित लोगों के प्रति संवेदना, देखभाल और भलाई की उम्मीद का भाव रखता है।

उल्लेखनीय है कि वेनेजुएला में कुछ ही सेकंड के अंतराल पर आये विनाशकारी भूकंप के दो झटकों के कारण हुई तबाही में कम से कम 235 लोगों की मौत हो चुकी है और 4,300 से अधिक लोग घायल हुए हैं।

Next Post

36 घंटे में सनसनीखेज लूटकांड का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार 

Fri Jun 26 , 2026
नीमच। शहर में उदय विहार स्थित डेल्हीवरी कोरियर कंपनी के कार्यालय में हुई चाकूबाजी और लूट की सनसनीखेज वारदात का पुलिस ने मात्र 36 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में प्रयुक्त चाकू, एक मोटरसाइकिल और […]

You May Like