
नर्मदापुरम। मध्यप्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन ने रणजी ट्रॉफी के लिए टीम घोषित कर दी है, जिसमें नर्मदापुरम के सलामी बल्लेबाज यश दुबे का चयन हुआ है। वहीं, महिला सीनियर वर्ग में नर्मदापुरम की अनन्या दुबे और कल्याणी जाधव को शामिल किया गया है। दोनों खिलाड़ी 8 से 19 अक्टूबर तक नागपुर में होने वाले बीसीसीआई के टी-20 टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी।
इसके साथ ही नर्मदापुरम संभाग के अन्य प्रतिभाशाली खिलाड़ियों में अखिल निगोटे को अंडर-23 सी.के. नायडू ट्रॉफी के लिए तथा विधान दुबे को अंडर-19 वीनू मांकड़ ट्रॉफी (पांडिचेरी) के लिए चुना गया है।
नर्मदापुरम क्रिकेट एसोसिएशन के अनुराग मिश्रा ने खिलाड़ियों के लगातार उत्कृष्ट प्रदर्शन को चयन का आधार बताया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से पूरे संभाग में हर्ष का माहौल है।
संभाग अध्यक्ष कपिल फौजदार, चेयरमैन रोहित फौजदार, जिला क्रिकेट संघों के पदाधिकारी और प्रदेशभर के खेलप्रेमियों ने सभी चयनित खिलाड़ियों को शुभकामनाएं दी हैं।
