मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने पर भाजपा का मेगा जनसंपर्क अभियान, 23 जून तक चलेंगे कार्यक्रम

हल्द्वानी, 02 जून (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व वाली केंद्र सरकार के 12 वर्ष पूरे होने पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने जनकल्याण योजनाओं और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाने के लिए व्यापक अभियान की घोषणा की है। इसके तहत आगामी पांच से 23 जून तक नैनीताल जिले में वृक्षारोपण, जनसंपर्क, प्रदर्शनी, जनकल्याण शिविर और प्रबुद्ध सम्मेलन जैसे कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

हल्द्वानी स्थित भाजपा कुमाऊं संभाग कार्यालय में आयोजित जिला कार्यशाला में मुख्य वक्ता पुष्कर सिंह काला ने अभियान की रूपरेखा प्रस्तुत करते हुए बताया कि आठ जून से 14 जून के बीच मुख्यमंत्री, मंत्री, सांसद, विधायक और पार्टी पदाधिकारी विशेष जनसंपर्क अभियान चलाकर जिले में करीब 600 प्रबुद्धजनों से संवाद करेंगे। वहीं 12 से 14 जून तक जिला मुख्यालय में मोदी सरकार की 12 वर्षों की उपलब्धियों पर तीन दिवसीय प्रदर्शनी भी लगायी जाएगी।

भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप सिंह बिष्ट ने कहा कि मोदी सरकार ने पिछले 12 वर्षों में सेवा, सुशासन और गरीब कल्याण को केंद्र में रखकर ऐतिहासिक कार्य किए हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का आह्वान किया।

अभियान के तहत पांच से 11 जून तक “एक पेड़ मां के नाम” कार्यक्रम चलाया जाएगा जबकि 13 से 20 जून तक विभिन्न विकासखंडों में जनकल्याण शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस और 23 जून को डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी बलिदान दिवस के कार्यक्रम बूथ स्तर तक आयोजित किए जाएंगे।

कार्यशाला में भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र सिंह बिष्ट, विधायक सरिता आर्या, विधायक मोहन सिंह बिष्ट, मेयर गजराज सिंह बिष्ट सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।

 

Next Post

दक्षिण-पश्चिम मानसून के चार जून को केरल में दस्तक देने के आसार: मौसम विभाग

Tue Jun 2 , 2026
नयी दिल्ली, 02 जून (वार्ता) मौसम विभाग ने मंगलवार को कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के चार जून को केरल में दस्तक देने के आसार हैं। मानसून की प्रगति और देश भर के मौसम को लेकर विभाग की विस्तृत प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि इस समय दक्षिण-पश्चिम मानसून के […]

You May Like