नयी दिल्ली, 02 जून (वार्ता) मौसम विभाग ने मंगलवार को कहा कि दक्षिण-पश्चिम मानसून के चार जून को केरल में दस्तक देने के आसार हैं।
मानसून की प्रगति और देश भर के मौसम को लेकर विभाग की विस्तृत प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया है कि इस समय दक्षिण-पश्चिम मानसून के अरब सागर, लक्षद्वीप, केरल, तमिलनाडु और बंगाल की खाड़ी के कुछ और हिस्सों में आगे बढ़ने के लिए परिस्थितियां पूरी तरह अनुकूल बनी हुई हैं। इसके प्रभाव से अगले छह से सात दिनों के दौरान केरल में अलग-अलग स्थानों पर अत्यधिक बारिश (सात से 20 सेंटीमीटर तक) होने का प्रबल अनुमान है। इसके अलावा तमिलनाडु और कर्नाटक के कुछ हिस्सों में भी भारी बारिश की चेतावनी जारी की गयी है।
विभाग ने आगाह किया है कि इस सप्ताह के अधिकांश दिनों में उत्तर-पश्चिम, मध्य, पूर्वी और दक्षिण भारत के कई हिस्सों में मौसम खराब रह सकता है। इन क्षेत्रों में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलने वाली तूफानी हवाओं के साथ बिजली चमकने और बारिश होने का अनुमान जताया गया है।
पिछले 24 घंटों में लक्षद्वीप में अत्यधिक भारी बारिश दर्ज की गयी, जबकि पूर्वी राजस्थान, पश्चिमी मध्य प्रदेश और गुजरात क्षेत्र में भारी बारिश हुई। इसके साथ ही ओडिशा, उत्तर प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश, पश्चिमी राजस्थान और गुजरात में 70 से 95 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तूफानी हवाएं चलीं।उत्तराखंड और मराठवाड़ा में इन हवाओं की रफ्तार 50 से 70 किलोमीटर प्रति घंटे रही, जबकि अंडमान-निकोबार, पश्चिम बंगाल, सिक्किम, हिमाचल प्रदेश और तमिलनाडु में 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवायें चलीं। इस दौरान राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश और मराठवाड़ा में कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि भी हुई, जबकि पश्चिमी राजस्थान और मध्य प्रदेश में धूल भरी आंधी आयी।
मध्य-पूर्वी भारत, उत्तरी प्रायद्वीपीय भारत, दक्षिण-पश्चिम राजस्थान, सौराष्ट्र, कच्छ और महाराष्ट्र के कुछ हिस्सों में सोमवार को अधिकतम तापमान 38 से 42 डिग्री सेल्सियस के बीच रहा, जबकि देश के शेष हिस्सों में तापमान 38 डिग्री सेल्सियस से नीचे ही बना रहा। पिछले 24 घंटों में देश का सबसे अधिक तापमान तेलंगाना के आदिलाबाद में 44.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
देश के कुछ हिस्सों जैसे अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, सिक्किम और तटीय कर्नाटक में दिन का तापमान सामान्य से तीन से पांच डिग्री सेल्सियस तक अधिक दर्ज किया गया। जम्मू-कश्मीर, लद्दाख और हिमाचल प्रदेश में रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से काफी अधिक रहा, जबकि बिहार, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, राजस्थान और पूर्वोत्तर के राज्यों में भी यह सामान्य से 1.6 से तीन डिग्री सेल्सियस तक अधिक रिकॉर्ड किया गया। देश के शेष हिस्सों में तापमान सामान्य या सामान्य से कम रहा।
