नीमच: कैंट थाना क्षेत्र के ढपाली मोहल्ले में सोमवार रात आपसी कहासुनी के बाद दो पक्षों के बीच मारपीट और पथराव हो गया। घटना में मजहर हुसैन (65), सोहेल (25) और फरान शेख (23) घायल हो गए। बुजुर्ग के सिर पर पत्थर लगने से गहरा घाव आया है। तीनों का अस्पताल में उपचार जारी है।
बीच-बचाव करने पर बुजुर्ग पर किया हमला
रहीमगंज निवासी मजहर हुसैन ने जिला अस्पताल में बताया कि वे चौराहे पर बैठे थे। इसी दौरान एक युवक चिल्लाते हुए वहां पहुंचा। उसके पीछे 10 से 15 लोग लाठी और पत्थर लेकर दौड़ रहे थे। मजहर हुसैन ने विवाद शांत कराने के लिए बीच-बचाव किया तो उन पर पत्थरों से हमला कर दिया गया।
पथराव और मारपीट में तीन लोग घायल
विवाद बढऩे के बाद दोनों ओर से पथराव और मारपीट शुरू हो गई। इसमें मजहर हुसैन पिता छोटा भाई शेख, सोहेल पिता मोहम्मद नियाजुल और फरान शेख पिता मोहम्मद फरीद घायल हुए। बुजुर्ग मजहर हुसैन के सिर में गंभीर चोट आई है। घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है।
एमडी ड्रग्स के विवाद की चर्चा
स्थानीय स्तर पर घटना को एमडी ड्रग्स की बिक्री और नशे के अवैध कारोबार से जुड़े आपसी विवाद से जोडक़र भी देखा जा रहा है। हालांकि कैंट थाना प्रभारी सौरभ शर्मा ने फिलहाल इस एंगल की पुष्टि नहीं की है। पुलिस के अनुसार, विवाद आपसी बात को लेकर हुआ था।
पुलिस ने संभाली स्थिति, बयान दर्ज कर रही
थाना प्रभारी सौरभ शर्मा ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंच गया था और स्थिति को संभाल लिया गया। फिलहाल क्षेत्र में शांति है। दो से तीन घायलों का अस्पताल में इलाज जारी है। पुलिस पीडि़तों के बयान दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई कर रही है।
