मोबाइल पर लाइव रहेगी सरकार; केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने किसानों को समर्पित किया नया पोर्टल

नयी दिल्ली, 19 अक्टूबर (वार्ता) केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सोमवार को किसानों तक सरकारी योजनाओं, आर्थिक सहायता और खेती की जानकारियों को बिना किसी परेशानी के सीधे उनके मोबाइल फोन तक पहुंचाने के लिए संशोधित ‘एग्री वेलफेयर पोर्टल’ का औपचारिक शुभारंभ किया।

श्री चौहान ने इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि इस पोर्टल के जरिए अब किसानों को योजनाओं की जानकारी लेने या आवेदन करने के लिए अलग-अलग दफ्तरों और वेबसाइटों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे। उन्होंने कहा कि यह प्लेटफार्म केवल किसानों तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि किसान उत्पादक संगठनों, प्राथमिक कृषि ऋण समितियों (पैक्स), कृषि वैज्ञानिकों, शोधकर्ताओं और स्टार्टअप्स को भी एक साथ जोड़ेगा। यहां जारी एक विज्ञप्ति के अनुसार श्री चौहान ने अधिकारियों से कहा कि पोर्टल की सफलता सही और समयबद्ध जानकारी से तय होगी।

पोर्टल पर हर जानकारी का लगातार अपडेट होना बेहद जरूरी है। इसके साथ ही भाषा और प्रक्रिया सरल हो ताकि आम किसान इसे आसानी से समझें और चला सकें। किसानों को इसे चलाने के लिए कृषि विज्ञान केंद्रों के जरिए प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने बताया कि यह पीएम-किसान, एग्रीस्टैक और पीएम फसल बीमा योजना जैसी बड़ी पहलों के लिए भी काम करेगा।

ग्रामीण क्षेत्रों को ध्यान में रखकर इसे साधारण स्मार्टफोन और कमजोर नेटवर्क में भी आसानी से काम करने लायक बनाया गया है। उन्होंने कहा कि यह पोर्टल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘डिजिटल इंडिया’ और किसान कल्याण के संकल्प को आगे बढ़ाता है। श्री मोदी का स्पष्ट विजन है कि सरकार हर समय आम नागरिक और किसान के लिए मोबाइल पर लाइव रहे।

Next Post

दुर्गा माता विसर्जन जुलूस में मधुमक्खियों का हमला, 30 से अधिक घायल, मची अफरा-तफरी 

Mon Oct 19 , 2026
सोनकच्छ। शारदीय नवरात्रि के समापन पर निकले माता दुर्गा विसर्जन जुलूस के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। ग्राम अगेरा से माताजी का जुलूस भोपाल हाइवे पर स्थित तालाब पर विसर्जन हेतु जा रहा था, तभी हाइवे पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इससे हाइवे पर अफरातफरी मच गई। मधुमक्खियों […]

You May Like