
सोनकच्छ। शारदीय नवरात्रि के समापन पर निकले माता दुर्गा विसर्जन जुलूस के दौरान एक बड़ा हादसा हो गया। ग्राम अगेरा से माताजी का जुलूस भोपाल हाइवे पर स्थित तालाब पर विसर्जन हेतु जा रहा था, तभी हाइवे पर मधुमक्खियों ने हमला कर दिया। इससे हाइवे पर अफरातफरी मच गई। मधुमक्खियों के हमले से श्रद्धालु इधर-उधर भागे, घायलों को गांव के लोग अस्पताल लेकर आए।
जुलूस में अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया, जिससे जुलूस में शामिल 30 से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। घायलों को विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। गांव के कृपालसिंह सेंधव के अनुसार, सोमवार शाम पांच बजे गांव से गाजे-बाजे, डीजे और ढोल-धमाकों के साथ दुर्गा प्रतिमा विसर्जन के लिए ले जाई जा रही थी। रास्ते में एक बड़े पेड़ पर लगे मधुमक्खियों के छत्ते के पास तेज आवाज और धूप के धुएं से मधुमक्खियां उत्तेजित हो गईं और जुलूस पर टूट पड़ीं। अचानक हुए हमले से जुलूस में भगदड़ मच गई। महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग जो भी जहां था, वहीं घरों और दुकानों में घुसकर जान बचाने लगे। करीब 10-15 मिनट तक मधुमक्खियों का आतंक बना रहा।
30 घायल, पांच से अधिक जिले के अस्पताल में इलाजरत-
ग्रामीण कृपालसिंह सेंधव के अनुसार इस हमले में लगभग 30-35 लोग घायल हुए हैं। सभी को तत्काल सोनकच्छ सिविल अस्पताल, आसपास के प्रायवेट और देवास जिला अस्पताल ले जाया गया। घटना के बाद प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जुलूस के दौरान पटाखे और तेज साउंड से बचें और पेड़ों के नीचे छत्ते वाले स्थानों से दूरी बनाए रखें।
