सिंगरौली: जनपद पंचायत देवसर अंतर्गत ग्राम पंचायत झखरावल के महदेईयां स्थित भोलेनाथ मंदिर के पास सोमवार को गौवंश के साथ कथित क्रूरता का मामला सामने आया। गौवंश का मुंह तार से बंधा हुआ था और वह इसी हालत में मंदिर परिसर के आसपास भटक रहा था। मुंह पर तार बंधे होने के कारण उसके लिए खाना-पीना भी मुश्किल नजर आ रहा था।
मंदिर में दर्शन करने पहुंचे श्रद्धालुओं की नजर जब बेजुबान गौवंश पर पड़ी तो वे तत्काल उसकी मदद के लिए आगे आए। स्थानीय लोगों ने सावधानीपूर्वक उसके मुंह में बंधे तार को खोला और गौवंश को मुक्त कराया। तार खुलने के बाद गौवंश को राहत मिली और वह सामान्य रूप से विचरण करने लगा।
स्थानीय लोगों ने दिखाई मानवता
घटना के दौरान सूरज कुमार दुबेदी, अरविंद नीरज दुबेदी, वीरेंद्र साहू सहित अन्य स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए गौवंश की मदद की। लोगों का कहना है कि बेजुबान पशु के मुंह को इस तरह तार से बांधना बेहद अमानवीय है। घटना की जानकारी फैलने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी भी देखी गई।
लोगों ने मांग की है कि मामले की जानकारी जुटाकर गौवंश का मुंह तार से बांधने वाले व्यक्ति की पहचान की जाए और यदि किसी की लापरवाही या जानबूझकर की गई हरकत सामने आती है तो नियमानुसार कार्रवाई की जाए। हालांकि, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि गौवंश का मुंह किसने, कब और किस कारण से तार से बांधा था।
