नयी दिल्ली, 02 जून (वार्ता) घरेलू थोक जिंस बाजारों में मंगलवार को भी सामान्य किस्म के चावल में तेजी बनी रही जबकि गेहूं और आटे के भाव में नरमी का रुख दिखा। दालों और खाद्य तेलों में कुछ एक को छोड़ बाकी में तेजी देखी गयी। गुड़ और चीनी के भाव भी हल्की बढ़त पर बोले गये।
औसत दर्जे के चावल का भाव प्रति क्विंटल 13 रुपये और तेज हो गया। सोमवार को चावल में 28 रुपये क्विंटल की तेजी दर्ज की गयी थी।
कल स्थिर रहने के बाद गेहूं आज 12 रुपये नरम हो गया और आटा भी आटा 8 रुपये सस्ता हुआ। कल आटे में 11 रुपये प्रति क्विंटल की नरमी दर्ज की गयी थी।
दालों में चना दाल प्रति क्विंटल 9 रुपये तेज हो गयी। उड़द, मूंग और मसूर में क्रमश: 5 रुपये, 13 रुपये और 9 रुपये प्रति क्विंटल की तेजी दिखी। तुअर का भाव नरमी के रुख के साथ लगभग कल के स्तर पर स्थिर रहा। कल भी दालों में तेजी का रुझान था।
स्थानीय खाद्य तेल बाजार में तेल मूंगफली का भाव 55 रुपये प्रति क्विंटल तेज बोला गया जबकि वनस्पति में 50 रुपये की तेजी दिखी। तेल सोया 63 रुपये चढ़ गया जबकि पाम आयल में 7 रुपये की तेजी दिखी। तेल सरसों 12 रुपये नीचे आ गया जब कि सूरजमुखी तेल हल्की नरमी की धारणा के साथ कल के स्तर पर बना रहा।
मलेशिया के बुरसा मलेशिया डेरिवेटिव एक्सचेंज में आज शाम वायदा कारोबार में अपेक्षाकृत बड़ी मात्रा में अनुबंधों की खरीद-फरोख्त के बीच अगस्त डिलीवरी वायदा अनुबंधों का भाव दो रिंगिट की नरमी के साथ प्रति टन 4535 रिंगिट के स्तर पर चल रहा था।
अमेरिकी जिंस वायदा बाजार में पाम आयल जुलाई डिलीवरी का भाव 0.83 सेंट की नरमी के साथ 77.97 सेंट प्रति पौंड के स्तर पर था।
गुड़-चीनी बाजार में गुड़ में प्रति क्विंटल 11 रुपये और चीनी दो रुपये की तेजी दिखी।
