
सीधी। थाना बहरी पुलिस की तत्परता से दो गुमशुदा नाबालिग बालिकाएं सकुशल दस्तयाब हुई और परिजनों को सुपुर्द किया गया। पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती कमला जोशी एवं उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय अमन मिश्रा के मार्गदर्शन में थाना बहरी पुलिस द्वारा गुमशुदा नाबालिग बालिकाओं की तलाश हेतु चलाए गए अभियान के तहत दो अलग-अलग प्रकरणों में त्वरित कार्यवाही करते हुए दोनों बालिकाओं को सकुशल दस्तयाब कर उनके परिजनों को सुपुर्द किया गया। पुलिस के अनुसार दिनांक 18 जून 2026 को फरियादी द्वारा रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि उनकी नाबालिग पुत्री दिनांक 16 जून 2026 को विद्यालय में परीक्षा परिणाम लेने जाने की बात कहकर घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी। रिपोर्ट पर थाना बहरी में धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई। विवेचना के दौरान प्राप्त सूचना के आधार पर पुलिस टीम द्वारा जिला शहडोल के ब्यौहारी क्षेत्र में तलाश कर दिनांक 19 जून 2026 को बालिका को सकुशल दस्तयाब किया गया तथा आवश्यक वैधानिक कार्यवाही उपरांत उसे परिजनों के सुपुर्द किया गया।
बिना बताये पहुंची बुआ के घर मिर्जापुर –
प्रकरण क्रमांक-02 में दिनांक 18 जून 2026 को फरियादिया द्वारा अपनी नातिन के घर से बिना बताए चले जाने संबंधी रिपोर्ट दर्ज कराई गई। रिपोर्ट पर थाना बहरी में धारा 137(2) बीएनएस के तहत प्रकरण कायम कर विवेचना प्रारंभ की गई। तलाश के दौरान प्राप्त सूचना के आधार पर ज्ञात हुआ कि बालिका अपनी बुआ के घर जिला मिर्जापुर चली गई थी। थाना बहरी पुलिस द्वारा तत्परता से कार्रवाई करते हुए दिनांक 20 जून 2026 को बालिका को सकुशल दस्तयाब कर आवश्यक वैधानिक कार्यवाही पूर्ण करते हुए परिजनों के सुपुर्द किया गया।
दोनों प्रकरणों में थाना प्रभारी बहरी निरीक्षक राजेश पाण्डेय के निर्देशन में उप निरीक्षक अविनेश चौधरी, उप निरीक्षक दधीच अग्निहोत्री, प्रधान आरक्षक संतकुमार सिंह एवं महिला आरक्षक पिंकी दुबे द्वारा महत्वपूर्ण एवं सराहनीय भूमिका निभाई गई।
