जबलपुर: होली की पूर्व संध्या पर होलिका दहन का आयोजन किया गया। जिसमें शहर के विभिन्न जगहों पर रखी होली जलाई गई, होलिका दहन के बाद लोगों ने विधि- विधान से पूजन अर्चन करके जलती हुई होली के चक्कर लगाए। साथ ही परिवार के लोगों ने बुरी नजरों से बचने के लिए नजर उतार कर जलती हुई होलिका में डाली, जिससे उनके सारे रोग और बुराइयां नष्ट होती हैं। इसके अलावा लोगों ने घर पर भी गोबर की कंडे से बने छोटी छोटी माला से होली बनाकर पूजन करने के बाद होली जलाई। होलिका दहन के बाद लोगों ने एक दूसरे को गुलाल लगाकर गले मिले और छोटों ने बड़ों से आशीर्वाद प्राप्त किया।
ग्रहण के चलते कल मनाई जाएगी धुरेड़ी
होलिका दहन के ठीक अगले दिन ही धुरेड़ी मनाई जाती है, लेकिन इस वर्ष चंद्र ग्रहण होने के कारण होली कल यानी बुधवार को मनाई जाएगी। इस वर्ष चंद्र ग्रहण का असर भारत में पूर्ण रूप से होगा। जानकारी के अनुसार ग्रहण का प्रारंभ 3:20 बजे और मोक्ष शाम 6:47 बजे होगा। जिसमें ग्रहण का सूतक प्रातः 6: 20 बजे से ही शुरू हो जाएगा। जिसके बाद बुधवार को जमकर रंग- गुलाल उड़ेगा। पूरे शहर में जगह-जगह होली के आयोजन किए जाएंगे और गली- मोहल्ले में भी जमकर होली की धूम रहेगी।
हर्बल गुलाल के साथ मिट्टी और गेरू से होली
पिछले कई वर्षों से यह देखा जा रहा है कि लोग केमिकल वाले कलरों को छोड़कर अब पीली मिट्टी और गेरू के साथ होली खेलना पसंद करते हैं। हर्बल गुलाल से तो लोगों होली खेलते हैं लेकिन अब लोग पीली मिट्टी और लाल गेरू से भी होली खेलना पसंद करते हैं। जोकि नुकसान भी नहीं करती है और होली के बाद जल्दी ही शरीर से छूट भी जाती है। जिसको लेकर अब बजारों के अंदर गुलाल की दुकान के साथ-साथ गेरू और पीली मिट्टी की दुकान भी देखने को मिल रही है। साथ ही इसकी डिमांड भी बढ़ती जा रही है।
महर्षि विद्या मंदिर में होली महोत्सव
महर्षि आध्यात्मिक एवं जनजागरण अभियान के अंतर्गत महर्षि विद्या मंदिर, नेपियर टाउन में होली महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। विद्यालय के प्राचार्य नीलेश कुमार पांडेय के निर्देशन में आयोजित कार्यक्रम में अभिभावकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता रही। कार्यक्रम का शुभारंभ गुरु पूजन से हुआ। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा की विशेष उपस्थिति रही। उन्होंने होली पर शांति और सौहार्द बनाए रखने की अपील की। सरिता बिसेन ने हास्य कविता तथा डॉ. अल्पना श्रीवास्तव ने “होली क्यों और कैसे मनाएं” विषय पर स्वरचित कविता प्रस्तुत की। संचालन नीलिमा घोष एवं शताक्षी सोनी ने किया।
आदि शक्ति समूह ने खेली फूलों की होली
आदि शक्ति समूह समाज सेवा की महिलाओं ने ऊषा महाजन के नेतृत्व में फूलों की होली खेलकर सामाजिक समरसता का संदेश दिया। कार्यक्रम में हिंदू, मुस्लिम, सिख एवं ईसाई समाज की महिलाओं की सहभागिता रही। इस अवसर पर साधना जा, पूनम प्रसाद, रेखा फ्रांसिस देवी, रानू यादव, मेहरूनिशा, मधु मसीह, सपना सहगल, लता रेखा रजक, सीमा मिश्रा, प्रज्ञा, मीना, राधिका, सुधा, निशा श्रीवास्तव सहित अनेक महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
हरे कृष्णा आश्रम में 500वीं नर्मदा पंचकोशी परिक्रमा संपन्न
माघ पूर्णिमा पर हरे कृष्णा आश्रम में 500वीं नर्मदा पंचकोशी परिक्रमा 21 जत्थों में निकाली गई। श्रद्धालु हाथों में गुलाल व पुष्प लेकर “नर्मदे हर” का जयघोष करते हुए शामिल हुए।
आश्रम के संस्थापक स्वामी रामचंद्र दास महाराज ने बद्रीनाथ धाम से पूजित गोमती चक्र का प्रसाद वितरण किया। इस अवसर पर डॉ. सुधीर अग्रवाल, श्रीमती सुषमा शंकर पटेल, श्याम मनोहर पटेल, मीना पटेल, विनोद दिवान, दुर्गा पटेल, पप्पू चौबे, मनोज गुलाबवानी, गुड्डू नेता, विनोद विश्वकर्मा, शिवकुमार पटेल, सेवक राम दहिया सहित अनेक श्रद्धालु उपस्थित रहे।
नवपंख संस्था ने बच्चों संग मनाया होली महोत्सव
नवपंख सामाजिक विकास संस्था ने ग्वारीघाट स्थित नर्मदा गार्डन एवं जिल्हेरीघाट क्षेत्र में गरीब बाहुल्य क्षेत्रों के बच्चों के साथ होली महोत्सव मनाया। बच्चों को रंग, गुलाल, पिचकारी, टोपी व मुखौटे वितरित किए गए। आराधना साहू, कविता सराफ, रंजना पाटीदार ने होली को प्रेम और समानता का पर्व बताया। व्यवस्थाओं में रितु वासवानी, अजय साहू, अशोक कुमार, प्रीति नाग, अंशुल की सक्रिय भूमिका रही। डॉ. श्रद्धा श्रीवास्तव एवं समीर खरे ने सुरक्षित व पर्यावरण अनुकूल होली का संदेश दिया। आयोजन में बच्चों ने नृत्य, गीत के साथ उत्सव का आनंद लिया।
विकलांग सेवा भारती में हर्बल गुलाल से होली
विकलांग सेवा भारती चेतना में मानसिक रूप से विशेष बच्चों ने हर्बल गुलाल से होली मनाई। निदेशक दीपांकर बैनर्जी ने होली के सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर प्राचार्य सचिन प्रजापति सहित समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। बच्चों को पिचकारियां व मुखौटे वितरित किए गए तथा विधि-विधान से होलिका दहन किया गया।
वेब मेमोरियल स्कूल में नन्हे बच्चों ने खेली होली
सिविल लाइन स्थित वेब मेमोरियल नर्सरी स्कूल में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने गुलाल से होली खेली। प्राचार्य रूपा बैनर्जी ने बच्चों को होली का महत्व बताते हुए सुरक्षित और सादगीपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की सीख दी। कार्यक्रम में विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।
