जबलपुर: शहर के कृषि उपज मंडी प्रांगण में इस रविवार से प्रत्येक रविवार ‘जैविक हाट’ का आयोजन किया जाएगा। कलेक्टर राघवेन्द्र सिंह के निर्देश पर किसान कल्याण एवं कृषि विकास विभाग की इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को रासायनिक खाद और कीटनाशक मुक्त पौष्टिक खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना है। उप संचालक कृषि ने बताया कि जिले के अनेक प्रगतिशील किसान प्राकृतिक व जैविक पद्धति से उगाई गई उपज सीधे उपभोक्ताओं तक पहुंचाएंगे।
हाट हर रविवार सुबह 11 से शाम 4 बजे तक संचालित होगा। यहाँ गेहूं, चना, मूंग, उड़द, अरहर, चावल सहित विभिन्न अनाज, पालक, लौकी, गाजर, टमाटर, बैंगन जैसी ताजी सब्जियाँ और अमरूद, पपीता, अनार, आंवला जैसे फल उपलब्ध रहेंगे। अधिकारीयों के अनुसार सभी उत्पाद पूर्णत: रसायनमुक्त एवं उच्च गुणवत्ता वाले होंगे। नागरिकों से अपील की गई है कि वे हाट में आकर जैविक खेती को प्रोत्साहित करें।
