
छिंदवाड़ा। तामिया स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में विद्यार्थियों को परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता को लेकर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। रविवार को भोजन में इल्लियां मिलने के बाद छात्र-छात्राओं का आक्रोश फूट पड़ा। नाराज विद्यार्थियों ने विद्यालय परिसर में प्रदर्शन कर प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की और प्रिंसिपल को हटाने की मांग की। छात्रों का कहना था कि भोजन की गुणवत्ता को लेकर पहले भी कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं होने से स्थिति जस की तस बनी हुई है। उनका आरोप है कि लगातार घटिया भोजन मिलने से स्वास्थ्य प्रभावित हो रहा है। घटना की जानकारी मिलते ही आयुक्त सत्येंद्र मरकाम विद्यालय पहुंचे और प्रबंधन के साथ बंद कमरे में चर्चा की। इस दौरान मीडिया को बैठक में प्रवेश नहीं दिया गया। प्रदर्शन की सूचना मिलने पर तहसीलदार और थाना प्रभारी भी मौके पर पहुंचे तथा छात्रों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन विद्यार्थी अपनी मांग पर अड़े रहे। छात्रों ने स्पष्ट कहा कि जब तक जिला कलेक्टर स्वयं विद्यालय पहुंचकर उनकी समस्याएं नहीं सुनेंगे, तब तक वे धरना समाप्त नहीं करेंगे। इसके बाद जिला कलेक्टर, एसडीएम सहित अन्य प्रशासनिक अधिकारी विद्यालय पहुंचे। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से चर्चा कर गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने तथा शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया। छात्रों का कहना है कि यह पहली बार नहीं है। कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई स्थायी सुधार नहीं हुआ। सब्जियों में सड़ी-गली सामग्री का उपयोग किया जाता है। दाल और सब्जी इतनी पतली होती है कि केवल रंग दिखाई देता है। पनीर की सब्जी में नाम मात्र का पनीर मिलता है। अधिकांश दिनों दलिया और पुलाव ही परोसा जाता है। टेंडर निरस्त होने के बाद विद्यालय प्रबंधन द्वारा मैस संचालित किए जाने से भोजन की गुणवत्ता लगातार खराब हुई है।
