
शाजापुर, जिले में सोमवार शाम को झमाझम बारिश हुई, जिससे पिछले 10 दिनों से गर्मी और उमस से परेशान लोगों को राहत मिली. हालांकि यह राहत कुछेक क्षेत्रों में ही बरसी जबकि आधे से ज्यादा क्षेत्र सूखे रहे, जहां मामूली बूंदाबांदी के बाद उमस से लोगों का बुरा हाल होने लगा. शाम करीब 5.30 बजे मौसम में अचानक बदलाव आया और आसमान में घने बादल छा गए. जिले के कई हिस्सों में लगभग 20 मिनट तक तेज बारिश हुई, जिससे मौसम सुहाना हो गया. जबकि आधे से ज्यादा शहर बारिश के मामले में सूखा रहा. जहां दिनभर तेज धूप का सामना करने के बाद उनके हिस्से 5 मिनट के लिए हुई बूंदाबांदी ही आई. हालांकि मौसम विभाग द्वारा देर शाम को तेज बारिश की संभावना जताई गई है. इसके पूर्व रविवार को भी जिले के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हुई थी, लेकिन उसके बाद फिर उमस बढ़ गई थी. सोमवार की शाम की बारिश ने किसानों को भी राहत दी है, क्योंकि सोयाबीन सहित खरीफ फसलों को इस समय नमी की सख्त आवश्यकता है. मौसम विशेषज्ञ सत्येंद्र धनोतिया ने बताया कि सोमवार को अधिकतम तापमान 33.8 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 25.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया. हवा में आद्र्रता 56 प्रतिशत रही और पश्चिमी दिशा से औसतन 15 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चली. उनके पूर्वानुमान के अनुसार, शाजापुर जिले में सोमवार और मंगलवार की शाम व रात में हल्की वर्षा तथा पड़ोसी आगर जिले में मध्यम वर्षा की संभावना है.
