
शाजापुर, वार्ड क्रमांक 25 स्थित द्वारकापुरी कॉलोनी में बिजली व्यवस्था बदहाल है. यहां बिजली के पोल नहीं होने से तारों को बांस के सहारे लटकाकर बिजली सप्लाई की जा रही है. इसे लेकर रहवासी कई बार शिकायत भी कर चुके हैं ओर नाराजगी भी जता चुके हैं, लेकिन जिम्मेदारों ने कोई कदम नहीं उठाया. नतीजन सोमवार को मूलीखेड़ा रोड पर कई बिजली के तार सडक़ पर गिर गए. गनीमत रही कि उस समय कोई राहगीर इसकी चपेट में नहीं आया.
यहां रहने वाले लोगों ने बताया कि वे इस समस्या की शिकायत 5 से 6 बार जनसुनवाई में कर चुके हैं, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ. कॉलोनी में पक्की सडक़ बनने के बावजूद बिजली व्यवस्था अस्थायी इंतजामों के भरोसे चल रही है. रहवासी अनिल पाटीदार ने बताया कि एक ही बांस के सहारे कई बिजली की केबल बांधी गई है. बारिश के दौरान तार टूटकर सडक़ पर गिर रहे हैं, जिससे कभी भी बड़ा हादसा हो सकता है. उनका आरोप है कि रविवार को तार गिरने के बाद भी बिजली कंपनी ने कोई सुधार कार्य नहीं किया.
बिजली के मामले में पिछड़ रहा शहर
बिजली कंपनी के लापरवाहीपूर्ण रवैये से द्वारकापुरी कॉलोनी ही नहीं, बल्कि पूरा शहर परेशान है. इनके द्वारा हर साल मेंटेनेंस किया जाता है, ताकि बारिश में समस्या न हो, लेकिन सबसे ज्यादा समस्या भी बारिश के दिनों में ही आती है. इनके द्वारा किया गया मेंटेनेंस हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी फ्लॉप शो साबित हुआ. यही नहीं अभी भी बिजली कंपनी द्वारा दिन रात बेतहाशा कटौती की जा रही है. जबकि इन दिनों गर्मी से लोगों का बुरा हाल हो रहा है, लेकिन बिजली कंपनी लापरवाही से बाज नहीं आ रही है. सोमवार को भी दिन में कई बार कटौती की गई. सबसे बड़ी समस्या ये है कि इनके अधिकारी लोगों की समस्या सुनने को तैयार ही नहीं है. क्योंकि अधिकारी पहले तो फोन नहीं उठाते और जब ज्यादा कॉल हो जाती है, तो मोबाइल बंद कर लेते हैं.
