
6 किलो से ज्यादा गांजा जब्त
भोपाल, राजधानी की क्राइम ब्रांच पुलिस ने जिला बदर के आरोपी सहित दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से 6 किलो 550 ग्राम अवैध मादक पदार्थ गांजा और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए हैं।आरोपी उड़ीसा से बड़ी मात्रा में गांजा लाकर भोपाल में बेचते थे। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एमपी नगर में यश बैंक के सामने एक लड़का और एक लड़की गांजा बेचने के लिए ग्राहक का इंतजार कर रहे हैं। सूचना के आधार पर क्राइम ब्रांच की टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद अनस उर्फ दाना और कामना यादव उर्फ खुशी के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से एक ट्रॉली बैग बरामद किया, जिसमें 6 किलो 550 ग्राम गांजा रखा हुआ था।
जांच में पता चला कि मोहम्मद अनस उर्फ दाना गौतम नगर थाने से जिला बदर है और उसके खिलाफ कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस ने उसके खिलाफ जिला बदर के आदेश का उल्लंघन करने का भी मामला दर्ज किया है। कामना यादव उर्फ खुशी के खिलाफ कोई पिछला आपराधिक रिकॉर्ड नहीं है।
पुलिस आरोपियों से गांजे के स्रोत और उनके नेटवर्क के बारे में पूछताछ कर रही है।
