इंदौर: शिप्रा थाना क्षेत्र के मांगलिया गांव में देर रात पारिवारिक विवाद के दौरान पति ने पत्नी पर ब्लेड से हमला कर दिया. गर्दन पर वार होने से महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. शोर सुनकर आसपास के लोग पहुंचे तो आरोपी वहां से भाग निकला. महिला को उसके जीजा ने अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज चल रहा है.
घायल गौरीबाई पति सुनील उम्र 28 साल मूल रूप से धार जिले के बाग-टांडा क्षेत्र की रहने वाली है. वह पति और चार बच्चों के साथ मजदूरी करती है. करीब 15 दिन पहले ही दंपती गुजरात से काम खत्म कर मांगलिया आया था और वहीं रह रहा था.
घटना के समय सुनील शराब के नशे में घर पहुंचा था. किसी बात को लेकर पत्नी से उसका विवाद हुआ. कहासुनी के दौरान उसने ब्लेड से गौरी के गले पर वार कर दिया. चोट लगने के बाद महिला खून से लथपथ हो गई. उसकी चीख सुनकर रिश्तेदार और पड़ोसी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद आरोपी भाग गया. गौरी की हालत गंभीर देखकर उसके जीजा धीरज उसे तत्काल एमवाय अस्पताल लेकर पहुंचे. सूचना मिलने पर शिप्रा पुलिस ने अस्पताल पहुंचकर महिला के बयान और घटना की जानकारी जुटाई. पुलिस ने पति के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है
