रेहटी। गत दिवस सलकनपुर में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास अभियान के अंतर्गत जन समस्या निवारण कार्यक्रम में नागरिकों ने नसरुल्लागंज-रेहटी, बुधनी 2 लेन सड़क की गुणवत्ता की जांच कराने की मांग को लेकर कलेक्टर के नाम आवेदन सौंपा.
ग्रामीणों ने बताया कि सड़क निर्माण का कार्य लंबे समय से चल रहा है और अब काम लगभग पूरा होने की स्थिति में है. निर्माण के दौरान कई स्थानों पर सड़क बनने के बाद ही टूटने, बैठने, गड्ढे होने तथा सड़क उखडऩे जैसी समस्याएं दिखाई दे रही हैं.
ग्रामीणों ने मांग की कि सड़क का काम पूरी तरह पूरा होने से पहले किसी स्वतंत्र अधिकारी अथवा विशेषज्ञ से पूरे मार्ग की गुणवत्ता की जांच कराई जाए. सड़क की मोटाई, मजबूती और निर्माण में उपयोग की गई सामग्री की भी जांच की जाए. साथ ही कागजों में दर्शाए गए कार्य और मौके पर किए गए निर्माण का मिलान कराने की मांग की गई है. आवेदन में सड़क निर्माण पर अब तक खर्च हुई राशि तथा ठेकेदार को किए गए भुगतान की भी जांच कराने का अनुरोध किया गया. ग्रामीणों ने विशेष रूप से कहा कि गुणवत्ता की जांच पूरी होने तक अंतिम भुगतान और कार्य पूर्णता की मंजूरी नहीं दी जाए.
यदि जांच में कमी सामने आती है तो संबंधित ठेकेदार से सुधार कार्य कराया जाए. राष्ट्रीय राजमार्ग 148 बी की निर्माण गुणवत्ता संबंधी शिकायत पूर्व में भी की जा चुकी है. ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष चंद्रपाल पटेल ने आरोप लगाया था कि उनके खेत के सामने की सड़क का ही घटिया निर्माण हुआ है. शुक्रवार को जन समस्या निवारण शिविर में ग्रामीणों ने कलेक्टर के नाम आवेदन देकर शिकायत की है. अब देखना यह है गुणवत्ता विहीन सड़क की जांच की मांग को लेकर प्रशासन और जिम्मेदार अधिकारी कितने सतर्क है.
वहीं ग्रामीणों का कहना है कि अगर गुणवत्ताहीन सड़क की समय पर जांच नहीं हुई तो ग्राम पंचायत के लोग सामूहिक रूप से मिलकर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय कृषि एवं ग्रामीण विकास मंत्री से शिकायत करेंगे.
