जबलपुर: अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो चुके हैं कि अब उन्हें न तो कानून का डर है और न ही खाकी का खौफ। पूरा शहर डर के साए में है। पिछले 24 घंटों के भीतर एक के बाद एक तीन हत्याएं हुई है। पहली वारदात की स्याही सूखी भी नहीं थी कि दूसरी और फिर तीसरी हत्या की खबर ने पुलिस महकमे में हडक़ंप मचा दिया। ये हत्याएं किसी बंद कमरे में नहीं, बल्कि सरेआम और बेखौफ अंदाज में की गई हैं। इन वारदातों ने एक बार फिर गवाही दे दी है कि अपराधियों के दिल में पुलिस का खौफ अब पूरी तरह खत्म हो चुका है। पहली वारदात मझगवां थाना अंतर्गत नुनजा में हुई जहां चाकू से वार करने के बाद गला दबाकर युवक की हत्या की गई। दूसरी वारदात गोराबाजार थाना अंतर्गत डीमार्ट के सामने चिकन के रेट को लेकर दुकान संचालक, उसके बेटे और कर्मचारियों ने मिलकर जीजा-साले पर ताबड़तोड़ किया। जिसमें साले की मौत हो गई। जीजा घायल है। तीसरी वारदात हनुमानताल थाना स्थित बाबा टोला में हुई जहां सरेराह युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। मौका-ए-वारदात पर पहुंची पुलिस ने छानबीन करते हुए तीनों ही मामलों में आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया है। गोराबाजार पुलिस ने दो आरोपित दबोच लिए है जबकि मझगवां पुलिस, हनुमानताल पुलिस कातिल की तलाश में छापेमारी कर रही है।
चिकन के दाम पर विवाद: दौड़ा-दौडक़र पीटा, जिंदा नाले में फेंका, मौत
गोराबाजार थाना अंतर्गत डीमार्ट के सामने चिकन के रेट को लेकर हुए उपजे विवाद पर आरोपियों ने भारतीय सेना के एक जवान और उनके साले पर लाठी-डंडों और लोहे के मोटे तारों से हमला किया बल्कि हमलावरों ने युवक को अधमरा करने के बाद खंदारी नाला पुल से नीचे फेंक दियाजिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस से मिली जानकारी अनुसार रूपेन्द्र सिंह 33 वर्ष निवासी केण्ट 33 वीं आर्मड कोर हिसार हरियाणा में नायक के पद पर भारतीय सेना में कार्यरत है वह 27 दिन के अवकाश पर 28 अगस्त 26 को हरियाणा से जबलपुर आए है। शनिवार को मंगलेश्वरी कॉलोनी पिंक सिटी कजरवारा स्थित ससुराल गए जहां उसका साला अर्जुन सिंह अकेला रहता है और सेंट एलायसिस कॉलेज से एमएससी पास करके प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा है। वह अपने साले अर्जुन सिंह के साथ चिकिन खरीदने अपनी स्कूटी से डीमार्ट के सामने स्थित सिकंदर चिकिन शॉप दुकान रात लगभग 9-30 बजे पहुंचे जहां अर्जुन सिंह चिकिन शॉप में काउण्टर पर खड़े सिंकदर खटीक के लडक़े हर्ष खटीक से चिकिन खरीदने की बात करने पर और रेट को लेकर दोनों में बहस हुई। इसके बाद हर्ष खटीक, उसके पिता सिकंदर खटीक, कर्मचारी इमरान, सोनू, मनीष ने डंडे, केबल वायर से अर्जुन और उस पर ताबड़तोड़ हमला किया । अर्जुन भागने लगा तो सभी ने उनका पीछा कर दौडक़र खंदारी नाला पुल की रोड में दूसरे तरफ पुल पर ले गये। इसके बाद उसे खंदारी नाला पुल के नीचे धक्का देकर फेंक दिये। सर्च करने पर अर्जुन सिंह 25 वर्ष का शव मिला। पुलिस ने पांच आरोपियों के खिलाफ हत्या मामला दर्ज कर लिया है।
प्रेम विवाह से नाराज भाई ने कर दी युवक की हत्या, शव रखकर चक्काजाम-
मझगवां थाना अंतर्गत नुनजा में बहन से प्रेम विवाह करने से नाराज होकर भाई ने युवक की चाकू से गोद कर हत्या कर दी। पीएम के बाद हाईवे पर परिजनों ने शव को रखकर चक्काजाम कर प्रदर्शन किया। आरोपित की गिरफ्तारी की मांग की गई। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, नुनजा निवासी गणेश वंशकार पिता रामस्वरूप वंशकार का भाई जित्तू करीब एक साल गांव के साहिल चौधरी 22 वर्ष पिता रामदास चौधरी की बहन के साथ चला गया था, दोनों ने शादी रचा ली थी। इस विवाह से लडक़ी का भाई साहिल चौधरी नाराज चल रहा था। दोनों परिवारों में रंजिश चल रही थी । रात्रि 9 बजे गणेश वंशकार मुक्तिधाम रोड पर खड़ा था इसी दौरान साहिल चौधरी वहां पहुंचा और उसने पुरानी रंजिश को लेकर गणेश पर चाकू हमला कर दिया, गला भी दबाया जिससे गणेश की मौके पर ही मौत हो गई थी।
कच्ची शराब के ठिकाने पर चाकू से गोदकर युवक की हत्या
हनुमानताल थाना अंतर्गत बाबा टोला बस्ती के अंदर संचालित अवैध कच्ची जहरीली शराब के ठिकाने के पास शराब पी रहे युवक की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। जबकि एक गंभीर रूप से घायल है।
जानकारी के अनुसार बाबा टोला में रविवार दोपहर 2 बजे 22 वर्षीय सूरज चौधरी व अन्य शराबखोरी कर रहे थे जिसके बाद विवाद उपजा और चाकूबाजी हुई। हमले में सूरज के शरीर पर गहरे घाव आए, जिससे अत्यधिक खून बहने के कारण उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। चाकूबाजी में भूरा चौधरी भी घायल हुआ। जिसे मेडिकल रिफर किया गया है। पुलिस ने शव को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। एफएसएल और फिंगरप्रिंट एक्सपट्र्स ने अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस इस अंधी हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या तात्कालिक विवाद दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। हत्या किसने की है इसका फिलहाल पता नहीं चल सका है। आरोपियों की पहचान के लिए क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। संदिग्धों की तलाश में पुलिस की अलग-अलग टीमें दबिश दे रही हैं। पुलिस अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा जिसके बाद कारण साफ हो सकेगा। आरोप है कि अवैध कच्ची शराब के ठिकाने और शराबखोरी के चलते ही वारदात हुई है।
सब देखते रहे, मदद नहीं की, हमें न्याय चाहिए-
मृतक की बहन ने बताया कि जहां वारदात हुई वहां से थोड़ी दूरी पर कच्ची शराब बिकती है। जब हमला किया गया तब काफी लोग मौजूद थे किसी ने मद्द नहीं की। सब देख रहे थे। किसी ने बचाव का प्रयास नहीं किया हमें न्याय चाहिए।
जांच जारी, खंगाले जा रहे फुटेज
हमला किसने और किन कारणों से की इसका पता नहीं चल सका है। शराब खोरी के दौरान विवाद की बात सामने आई है । प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई कि मृतक और घायल ने एक दूसरे पर हमला किया है हालांकि हर एंगल पर जांच चल रही है। सीसीटीव्ही फुटेज खंगाले जा रहे है।
सुभाष चंद्र बघेल, टीआई
एक्शन होता तो नहीं होता खूनी संघर्ष-विजय
क्षेत्र में रहने वाले कांग्रेस युवा नेता विजय रजक ने बताया कि आबकारी विभाग पहले ही अवैध शराब ठिकानों पर एक्शन लेता तो जो खूनी संघर्ष हुआ वह नहीं होता। शहर में सब तरफ शराब ठेकेदारों के द्वारा शराब की बोतलों को एमआरपी से अधिक मूल्य पर बेचा जा रहा है सस्ती शराब पीने के चक्कर में बस्तियों में जहरीली कच्ची शराब की दुकानें संचालित होती है और पैसे बचाने के चक्कर में गरीब वर्ग इन दुकानों तक पहुंचकर जहरीली शराब को पीकर अपनी जान से खेलते हैं जिसका नतीजा है कि आज बाबा टोला क्षेत्र में कच्ची शराब पीते समय दो लोगों पर जान लेवा हमला हुआ जिसमें एक की जान चली गई और दूसरा मेडिकल में इलाजरत है विरोध में सिंधी कैंप मुख्य चौराहे पर मृतक का शव रखकर तब तक धरना प्रदर्शन किया जाएगा।
