जबलपुर। गीता भवन स्थित नेताजी सुभाषचंद्र बोस ऑडिटोरियम में बॉप्स बालप्रवृत्ति द्वारा ‘चलो बनें आदर्श’ अभियान का भव्य शुभारंभ किया गया। पूज्य ज्ञाननयनदास स्वामी के सानिध्य में आयोजित राज्यस्तरीय शिक्षक सम्मेलन में जिले के शासकीय एवं निजी विद्यालयों के करीब 2000 प्राचार्य और शिक्षकों ने सहभागिता की। महापौर जगत बहादुर सिंह ‘अन्नू’, लोक शिक्षण के संयुक्त संचालक घनश्याम सोनी, जेडीए अध्यक्ष संदीप जैन, जिला शिक्षा अधिकारी गौतम बर्वे सहित संतों एवं शिक्षा जगत से जुड़े अतिथियों की मौजूदगी में वैदिक मंत्रोच्चार और दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम शुरू हुआ। कार्यक्रम में पूज्य ज्ञाननयनदास स्वामी ने ‘सा विद्या या विमुक्तये’ विषय पर संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षा केवल किताबी ज्ञान नहीं, बल्कि संस्कार, चरित्र और नैतिक मूल्यों का निर्माण करने वाली होनी चाहिए। उन्होंने शिक्षकों को समाज और राष्ट्र का निर्माता बताते हुए विद्यार्थियों के व्यक्तित्व निर्माण में उनकी भूमिका को महत्वपूर्ण बताया। महापौर अन्नू ने कहा कि संस्कारधानी के प्राचार्य और शिक्षक उनके लिए देवतुल्य हैं, क्योंकि उनके दिए ज्ञान और संस्कारों से ही समाज का निर्माण होता है।
मोबाइल ऐप किया गया लॉन्च
अभियान के तहत विद्यालयों में विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व विकास और नैतिक मूल्यों के संवर्धन के लिए डिजिटल माध्यम का उपयोग किया जाएगा। इसके लिए ‘बिकम आदर्श ’ मोबाइल एप लॉन्च किया गया, जिसमें प्रेरणादायी वीडियो और शैक्षणिक सामग्री उपलब्ध रहेगी। राष्ट्रीय प्रोजेक्ट कोऑर्डिनेटर तिलक भाई मोदी ने शिक्षकों को ऐप के उपयोग और अभियान के क्रियान्वयन का प्रशिक्षण दिया। सम्मेलन के समापन पर शिक्षकों ने हर बच्चे तक संस्कारयुक्त एवं मूल्यपरक शिक्षा पहुंचाने और उज्ज्वल भारत के निर्माण में योगदान देने का संकल्प लिया।
