ग्वालियर।केंद्र की मोदी सरकार ने ग्वालियर शहर को देश की पहली टेलिकॉम मेन्युफेक्चरिंग ज़ोन की सौगात दी है, जल्द ही टेलीकॉम सेक्टर से जुड़ी देश-विदेश की नामी कंपनियां ग्वालियर में अपनी यूनिट लगायेंगी।केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने आज रविवार को ग्वालियर में बनने वाले इस टेलिकॉम मेन्युफेक्चरिंग ज़ोन की तैयारियों का जायजा लिया, इस दौरान केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने अधिकारियों से ज़ोन के बारे में विस्तार से जानकारी ली, यहाँ लगने वाली यूनिटों को मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। इस मौके पर मंत्रीगण तुलसी सिलावट, नारायण सिंह कुशवाहा एवं साडा के चेयरमैन अशोक शर्मा भी मौजूद थे
टेलीकॉम जोन से 15 हजार लोगों को मिलेगा रोजगार
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि जैसे ही कंपनियों को जमीन मिल जायेगी वैसे ही वे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के साथ मिलकर इस टेलीकॉम मैन्युफैक्चरिंग ज़ोन का भूमिपूजन करेंगे। उन्होंने कहा कि इससे 15,000 प्रत्यक्ष रोजगार मिलेंगे। इसके अलावा कई हजार अप्रत्यक्ष रोजगार भी यहाँ उपलब्ध होंगे, जो ग्वालियर चंबल अंचल के युवाओं को नये अवसर देंगे साथ ही क्षेत्र का आर्थिक विकास भी करेंगे। सिंधिया ने कहा कि पिछले 25 साल में पहली बार ऐसी सौगात ग्वालियर को मिली है, जहां देश विदेश के उद्योगपति एक ही छत के नीचे निवेश करेंगे।
