सिंगरौली : जिले के लंघाडोल थाना क्षेत्र अंतर्गत सुलियरी पाठ एरिया में बीते शनिवार की शाम करीब 4 बजे मुरूम लदे ट्रैक्टर के पलटने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि हादसे में एक अन्य चालक घायल हो गया। घटना हेमटेक कंपनी क्षेत्र की बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार ट्रैक्टर मुरूम लेकर जा रहा था। इसी दौरान चढ़ाई पर पहुंचते ही ट्रॉली में अधिक वजन होने के कारण ट्रैक्टर का इंजन ट्रॉली के ऊपर पलट गया। हादसे में ट्रैक्टर चालक बाबूलाल सिंह पिता गुलाब सिंह गोड़ उम्र 35 वर्ष निवासी झलरी, ट्रॉली के नीचे दब गया। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल उसे बाहर निकाला और उपचार के लिए जिला मुख्यालय बैढ़न स्थित निजी अस्पताल में भर्ती कराया। बाबूलाल के घायल होने के बाद ट्रैक्टर को हटाने के प्रयास में अशोक पनिका उम्र 19 वर्ष निवासी खनुआ ने मुरूम लदे ट्रैक्टर को चलाने का प्रयास किया। इसी दौरान ट्रैक्टर का इंजन दोबारा ट्रॉली पर पलट गया और अशोक ट्रॉली के नीचे दब गया। हादसे में उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
