ग्वालियर: प्रदेश के पूर्व नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व मंत्री चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी ने भिंड विधायक पर गंभीर आरोप लगाए हैं। भिंड विधायक नरेंद्र सिंह के कलेक्टर संजीव श्रीवास्तव के साथ अभद्रता और धमकी देने का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। पूर्व मंत्री चौधरी राकेश सिंह चतुर्वेदी ने कहा, खाद का मुद्दा सिर्फ बहाना है। असली वजह रेत चोरी है।
जब कलेक्टर ने इस अवैध गतिविधि को रोका, तो विधायक बौखला गए। पूर्व मंत्री ने कहा कि यह कोई पहली बार नहीं है, जब उन्होंने ऐसा किया हो। इससे पहले भी विधायक एक आईपीएस अफसर से उलझ चुके हैं। वहीं, जिला प्रशासन के विभिन्न कर्मचारी संगठनों में घटनाक्रम को लेकर नाराजगी है। आज जिलेभर में सरकारी अमला विरोध प्रदर्शन करेगा।
पूर्व मंत्री चतुर्वेदी ने कहा, कलेक्टर खाद की फैक्ट्री नहीं चलाते, इसके लिए विधायक को मुख्यमंत्री या प्रभारी मंत्री से संपर्क करना चाहिए था। विधायक भिंड नगर पालिका पर कब्जा कर उसे लूटने की कोशिश कर रहे हैं। कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि वह किसी भी कीमत पर नगर पालिका को रेत माफिया के हवाले नहीं होने देगी। पूर्व मंत्री ने कहा, आज कलेक्टर को धमकाया गया है, कल किसी कांग्रेस नेता को भी धमकाया जा सकता है। इसलिए सभी कार्यकर्ता सतर्क रहें। यह सिर्फ प्रशासनिक मामला नहीं है, यह लोकतंत्र पर हमला है।
