श्योपुर: विजयपुर थाना क्षेत्र के अंधूपुरा गांव में तालाब में डूबने से 20 वर्षीय युवक की मौत हो गई। पुलिस के अनुसार, मृतक की पहचान अपरवन रावत के रूप में हुई है। नहाते समय वह अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। आसपास मौजूद लोग तुरंत उसे बचाने के लिए तालाब में कूदे, लेकिन जब तक उसे बाहर निकाला गया, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही विजयपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा और बाद में परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने इस मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों से अपील की है कि वे सावधानी बरतें और बच्चों व युवाओं को बिना सुरक्षा उपायों के गहरे पानी में जाने से रोकें।
