बर्लिन में इनोबर्लिनट्रांस 2026 के वैश्विक मंच पर डीएमआईएल की शुरुआत

नयी दिल्ली, 20 सितंबर (वार्ता) दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (डीएमआरसी) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी दिल्ली मेट्रो इंटरनेशनल लिमिटेड (डीएमआईएल) बर्लिन में आयोजित होने वाले इनोट्रांस 2026 में पहली बार वैश्विक स्तर पर अपनी सेवाएं पेश करेगी।
इस दौरान कंपनी अंतरराष्ट्रीय शहरी परिवहन क्षेत्र में अपनी विशेषज्ञता और अनुभव साझा करेगी तथा संभावित साझेदारियों के अवसर तलाशेगी। इनोट्रांस रेल परिवहन क्षेत्र का दुनिया का सबसे बड़ा द्विवार्षिक व्यापार मेला है। डीएमआईएल इसमें परिचालन एवं अनुरक्षण, परामर्श और परियोजना प्रबंधन के क्षेत्र में अपनी क्षमताओं का प्रदर्शन करेगी तथा परिवहन एजेंसियों, बुनियादी ढांचा कंपनियों, प्रौद्योगिकी प्रदाताओं और अन्य कंपनियों के साथ बातचीत करेगी।
डीएमआईएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी संजय जमुआर ने कहा कि इनोट्रांस 2026 डीएमआरसी और डीएमआईएल की विशेषज्ञता को वैश्विक मंच पर रखने का महत्वपूर्ण अवसर है। उन्होंने कहा कि कंपनी अपनी इंजीनियरिंग विशेषज्ञता और परिचालन अनुभव को अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक ले जाना चाहती है तथा दुनिया भर में अपनाई जा रही बेहतर प्रक्रियाओं से सीखकर टिकाऊ शहरी परिवहन व्यवस्था के विकास में योगदान देना चाहती है।
डीएमआईएल भारत और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में मेट्रो, रेल तथा शहरी परिवहन परियोजनाओं के लिए परिचालन एवं अनुरक्षण, परामर्श और परियोजना प्रबंधन सेवाएं देने पर ध्यान केंद्रित कर रही है। दिल्ली मेट्रो का नेटवर्क 416 किलोमीटर से अधिक लंबा है और इसमें 300 से अधिक स्टेशन हैं। इस नेटवर्क से प्रतिदिन करीब 65 लाख यात्री सफर करते हैं।
कंपनी दिल्ली मेट्रो के योजना, निर्माण और संचालन के अनुभव का इस्तेमाल करते हुए परिवहन परियोजनाओं के विभिन्न चरणों में सेवाएं देने की योजना बना रही है। इनमें व्यवहार्यता अध्ययन, योजना, परियोजना क्रियान्वयन, परीक्षण, परिचालन, अनुरक्षण, परिसंपत्ति प्रबंधन और क्षमता निर्माण शामिल हैं। डीएमआईएल ने पिछले तीन महीनों में पांच अंतरराष्ट्रीय निविदाओं में हिस्सा लिया है। कंपनी पश्चिम एशिया और कुछ यूरोपीय बाजारों में अवसर तलाश रही है। इसके अलावा उत्तरी अमेरिका और अफ्रीका में भी संभावनाओं का आकलन किया जा रहा है।
इनोट्रांस 2026 में डीएमआईएल हॉल 7.2सी, स्टैंड 240 पर मौजूद रहेगी। यहां कंपनी की टीम अपनी क्षमताओं को प्रदर्शित करने के साथ सरकारी एजेंसियों, बुनियादी ढांचा कंपनियों, निवेशकों, डेवलपर्स और अन्य संबंधित पक्षों के साथ बातचीत करेगी।

.....

Next Post

दीपिका सहरावत के आठ गोल, भारत ने पहले मैच में उज़्बेकिस्तान को 19-0 से रौंदा

Sun Sep 20 , 2026
नागोया, 20 सितंबर (वार्ता)रविवार को गिफू प्रीफेक्चुरल ग्रीन स्टेडियम में पूल बी में अपने एशियन गेम्स 2026 अभियान की शुरुआत करते हुए, भारतीय महिला हॉकी टीम ने उज़्बेकिस्तान को 19-0 के शानदार अंतर से हराया। दीपिका सहरावत (8′, 22′, 26′, 33′, 37′, 38′, 41′, 54′) ने भारत के लिए आठ […]

You May Like