जबलपुर। लॉर्डगंज थाना अंतर्गत यादव कॉलोनी पुलिस चौकी के कछपुरा इलाके में बीच सड़क पर जमकर हंगामा हुआ। एक ट्रक के बगल से निकलने के दौरान दो बाइक सवार आमने-सामने आ गए। पहले गाड़ी निकालने की होड़ में दोनों पक्षों के बीच शुरू हुई तीखी बहस देखते ही देखते बाइक चालक आरक्षक और डॉक्टर भिंड गए इस दौरान दोनों के बीच सड़क पर लात-घूंसे चले।
जानकारी के मुताबिक, कछपुरा में ट्रक के साइड से दोनों बाइक चालक आगे निकलने की कोशिश कर रहे थे। इसी दौरान दोनों गाड़ियाँ आमने-सामने आ गईं। एक बाइक चालक मदन महल थाने में पदस्थ पुलिस आरक्षक आयुष ठाकुर सवार थे जबकि दूसरी बाइक पर गणेश नगर निवासी डॉक्टर पवन पटेल अपने साथी के साथ सवार थे। पहले मैं निकलूंगा की बात पर दोनों के बीच कहासुनी शुरू हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के साथ मारपीट शुरू कर दी। बीच सड़क पर अचानक हुए इस हंगामे और लात-घूंसों के चलने से अफरा-तफरी की स्थिति बन गई। हंगामा बढ़ता देख आसपास मौजूद लोगों ने किसी तरह दोनों पक्षों को अलग किया और बीच-बचाव कर मामले को शांत कराया। घटना की जानकारी मिलते ही यादव कॉलोनी पुलिस चौकी की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को थाने ले आई।
घंटों चली बातचीत, बिना शिकायत के समझौता-
थाने पहुंचने पर पुलिस ने दोनों पक्षों को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की। थाने में काफी देर तक दोनों पक्षों के बीच समझाइश और बातचीत का दौर चलता रहा। घंटों चली जद्दोजहद और मान-मनौव्वल के बाद, दोनों पक्षों ने कानूनी कार्रवाई न करने का फैसला किया। पुलिस के मुताबिक, किसी भी पक्ष ने मामले में कोई लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई है, जिसके बाद दोनों पक्षों को आपसी रजामंदी से घर भेज दिया गया।
