जबलपुर: गोहलपुर क्षेत्र में सूने मकान में हुई चोरी की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। चोर कोई नहीं बल्कि पीडि़ता की रिश्तेदार निकली जिसने पहले चाबी चुराई फिर बुरका और बिना बारिश रैनकोट पहनकर मोपेड से चोरी करने पहुंची थी। महिला ने लाखों के जेवरात और नगदी पार कर दिए थे। सीसीटीव्ही के जरिए पुलिस आरोपिया तक पहुंच गई और उसे दबोच लिया। जिसके कब्जे से 12 लाख के जेवरात, वाहन जब्त किया है।
गोरखपुर टीआई रीतेश पांडे ने बताया कि साजदा बी पति परवेज कुरैशी निवासी अमखेरा ने 24 जुलाई को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि जब वह मायके गई थी तभी उसके सूने घर से अज्ञात चोर अलमारी में रखे सोने, चादी के जेवरात व नगद रूपये चुराकर ले गया।
पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर पतासाजी शुरू की। सीसीटीवी फुटेज व मुखबिर तंत्र के माध्यम से परिवार की ही सन्देही महिला संजीदा पति अख्तर रशीद 33 वर्ष निवासी रजा चौक आधारताल को दस्तायाब कर पूछताछ करने पर जुर्म स्वीकार किया। जिसके कब्जे से चुराये हुए जेवरात, वाहन लगभग कुल दस लाख रूपये बरामद किए गए। इसके अलावा एक अन्य वारदात में दो लाख के जेवरात, सात मोबाइल, लेपटॉप जब्त किया गया।
