जबलपुर: समयमान वेतनमान की मांग को लेकर मध्यप्रदेश राज्य कर्मचारी संघ के पदाधिकारियों ने सीएमएचओ डॉ. संजय मिश्रा से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपते हुए मांग की कि माह में कम से कम दो बार डी.पी.सी. कमेटी की बैठक आयोजित की जाए व समयमान वेतनमान में विलंब न किया जाए।
संघ के पदाधिकारियों ने सीएमएचओ से ये भी कहा कि स्वास्थ्य विभाग में कार्यरत लगभग 2 हजार कर्मचारियों को शासन द्वारा प्रदाय समय समय पर वरिष्ठ वेतनमान प्रदान करने हेतु समयमान वेतनमान दिया जाता है। अधिकारी कर्मचारियों को नियुक्ति दिनांक से 10 वर्ष , 20 वर्ष, 30 वर्ष, 35 वर्ष की सेवा के बाद वरिष्ठ वेतनमान प्रदाय किया जाता है, जिसके लिए अधिकारी कर्मचारियों की गोपनीय प्रतिवेदन अन्य अर्हताएं पूर्ण होनी चाहिये। इन अर्हताओं को पूरा करने के बाद भी समयमान वेतनमान में विलंब होता है।
