
भोपाल। मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने गुरुवार को भारतीय जनता पार्टी प्रदेश कार्यालय में प्रदेश के विभिन्न जिलों से आए पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर उनकी जनसमस्याएं और सुझाव सुने। इस दौरान उन्होंने कार्यकर्ताओं द्वारा उठाए गए विभिन्न मुद्दों पर संबंधित अधिकारियों से तत्काल चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए।
मंत्री विजयवर्गीय ने बताया कि जिन मामलों का मौके पर निराकरण संभव था, उनका तत्काल समाधान कराया गया। वहीं, जिन प्रकरणों में विस्तृत प्रशासनिक प्रक्रिया की आवश्यकता है, उन्हें संबंधित विभागों को शीघ्र कार्रवाई और समयबद्ध निराकरण के लिए भेजा गया।
उन्होंने कार्यकर्ताओं को आश्वस्त किया कि उनके माध्यम से प्राप्त सभी जनसमस्याओं का गंभीरता से परीक्षण कर प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। मंत्री ने कहा कि जनता से जुड़े मुद्दों का त्वरित, पारदर्शी और प्रभावी निराकरण प्रदेश सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा इस दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
