भारत 31 मई को भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन की मेजबानी करेगा

नयी दिल्ली 23 अप्रैल (वार्ता) भारत अफ्रीकी संघ आयोग के सहयोग से आगामी 31 मई को यहां चौथे भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन (आईएएफएस-4) की मेजबानी करेगा जिसमें पूरे अफ्रीकी महाद्वीप के नेता, अफ्रीकी संघ आयोग तथा क्षेत्रीय संगठनों के प्रतिनिधि शामिल होंगे। विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को बताया कि इस सम्मेलन का उद्देश्य भारत-अफ्रीका साझेदारी को मजबूत करना है जिससे कि विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग को विस्तार देने के लिए रूपरेखा तैयार की जा सके। विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर ने आईएएफएस-4 का लोगो, थीम और वेबसाइट का अनावरण किया। यह शिखर सम्मेलन “आईए स्पिरिट: भारत अफ्रीका रणनीतिक साझेदारी नवाचार, लचीलापन और समावेशी परिवर्तन के लिए” विषय पर आयोजित किया जा रहा है  जो भारत-अफ्रीका साझेदारी की व्यापक प्रकृति को दर्शाता है।

शिखर सम्मेलन से पहले कई तैयारी बैठकें आयोजित की जाएंगी जिनमें 29 मई को भारत-अफ्रीका विदेश मंत्रियों की बैठक और उससे पहले 28 मई को वरिष्ठ अधिकारियों की बैठक शामिल है, जिनमें भारत और अफ्रीका के बीच सहयोग के प्रमुख क्षेत्रों पर विचार-विमर्श किया जाएगा। भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन अफ्रीकी देशों और अफ्रीकी संघ आयोग के साथ संवाद को बढ़ावा देने तथा पारस्परिक रूप से लाभकारी सहयोग को आगे बढ़ाने के लिए एक महत्वपूर्ण मंच है, जो आपसी सम्मान, समानता, एकजुटता और साझा समृद्धि के सिद्धांतों द्वारा निर्देशित है।

भारत-अफ्रीका फोरम शिखर सम्मेलन के पिछले संस्करण के परिणामस्वरूप अफ्रीका के लिए भारत की विकास सहायता और क्षमता निर्माण कार्यक्रमों में महत्वपूर्ण विस्तार हुआ था। आगामी शिखर सम्मेलन भारत और अफ्रीका के बीच घनिष्ठ मित्रता और सहयोग के संबंधों को और मजबूत करने तथा दक्षिण-दक्षिण सहयोग ढांचे के अंतर्गत साझेदारी को सुदृढ़ करने के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर होगा। यह पिछले दशक में विकसित सुशासन और समावेशी विकास की पहलों को प्रदर्शित करने का भी अवसर होगा।

Next Post

शेयर बाजारों में लगातार दूसरे दिन गिरावट, सेंसेक्स एक फीसदी से ज्यादा टूटा

Thu Apr 23 , 2026
मुंबई, 23 अप्रैल (वार्ता) ऑटो, बैंकिंग और आईटी सेक्टरों के दबाव में घरेलू शेयर बाजारों में गुरुवार को लगातार दूसरी गिरावट देख गयी और बीएसई का सेंसेक्स एक प्रतिशत से ज्यादा लुढ़क गया। सेंसेक्स 852.49 अंक (1.09 प्रतिशत) टूटकर 77,664 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी-50 सूचकांक […]

You May Like