जबलपुर: गोहलपुर थाना अंतर्गत राम मंदिर के सामने गली नं. 02 त्रिमूर्ति नगर मेें शनिवार सुबह हाईटेंशन लाइन ने एक और घर का चिराग बुझा दिया। दरअसल घर में दीपावली पर्व की तैयारियां चल रही थी परिवार में खुशियों का माहौल था। हर कोई अपना काम करने में जुटा था लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था। सुबह घर में झालर लगाते समय युवक हाईटेन्शन लाईट की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया। परिजनों को यकीन ही नहीं हो रहा है हंसी खुशी घर की छत पर झालर लगाने पहुंचा उनका बेटा अब इस दुनिया में नहीं रहा।
झटका लगते ही दो मंजिला से नीचे गिरा
जानकारी के मुताबिक प्रदीप प्रधान निवासी राम मंदिर के सामने गली नं. 02 त्रिमूर्ति नगर गोहलपुर का शनिवार सुबह 10:30 बजे दो मंजिला मकान की ग्रिल में झालर लगा रहा था इस बीच वहां से गुजरी हाई टेन्शन लाईट की चपेट में झलार व युवक आ गया करंट का झटका लगते ही वे दो मंजिला मकान से नीचे गिर गया और उसके सिर में गंभीर चोटें आ गई।
प्रदीप को परिजन आनन-फानन मेें इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे जहां डॉक्टर ने परीक्षण उपरंात दोपहर करीब 12:40 बजे मृत घोषित कर दिया।
मृतक प्रदीप एमपीईबी में प्राइवेट मीटर लगाने का काम करता था। जबकि उसके पिता दादूराम प्रधान एमपीईबी से रिटायर्ड है। इस हादसे के बाद परिजनों का रो-रोककर बुरा हाल है उनके आंसू थमने का नाम नहीं ले रहे है जहां सुबह तक खुशियों का माहौल था वहां दोपहर बाद मातम पसरा हुआ है। चीख पुकार मची हुई है। मृतक के दो बेटे है। छोटा बेटा अभिनव प्रधान दो वर्षीय, बड़ा बेटा साढ़े चार साल का आदर्श प्रधान है। जिनके सिर से पिता का साया उठ गया है। पत्नी रुचि 30 वर्षीय सदमे में है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
