चेन्नई, 6 अगस्त (वार्ता) श्रीलंका की नौसेनिकों ने तमिलनाडु के रामनाथपुरम जिले के रहने वाले 11 मछुआरों को अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा पार कर श्रीलंकाई जलक्षेत्र में अवैध रूप से मछली पकड़ने के आरोप में गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया और उनकी नौका भी जब्त कर ली।
घटना उस समय हुई जब मछुआरों की नौका में खराबी आ जाने के कारण वह नेदुंथीवु के तट के पास फंस गयी थी।
घटना के बाद तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने गुरुवार शाम को केंद्रीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर को पत्र लिखकर राजनयिक माध्यमों से इस मुद्दे को उठाने और मछुआरों एवं उनकी नौका की शीघ्र रिहाई सुनिश्चित करने के लिए व्यक्तिगत हस्तक्षेप की मांग की है।
श्रीलंकाई नौसेना गिरफ्तार मछुआरों और जब्त नौका को आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए अपने देश ले गयी है।
मुख्यमंत्री विजय ने अपने पत्र में कहा कि मछुआरे जानबूझकर सीमा पार नहीं गये थे, बल्कि यांत्रिक खराबी की वजह से उनकी नौका किनारे पर जा फंसी थी। इसके बावजूद श्रीलंकाई नौसेना ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने विदेश मंत्रालय से मामले में तुरंत हस्तक्षेप करने की अपील की है।
