ग्लोबल क्राफ्ट फेस्टिवल में बाग प्रिंट की धूम, मप्र की पारंपरिक कला ने बिखेरी चमक

भोपाल। मध्यप्रदेश की समृद्ध पारंपरिक हस्तशिल्प कला बाग प्रिंट अंतरराष्ट्रीय मंच पर अपनी विशिष्ट पहचान स्थापित कर रही है। वियतनाम की राजधानी हनोई में 13 से 16 नवंबर तक आयोजित ग्लोबल क्राफ्ट फेस्टिवल में मध्यप्रदेश के राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय पुरस्कार प्राप्त मास्टर शिल्पकार मोहम्मद बिलाल खत्री एवं डॉ. मोहम्मद आरिफ खत्री भारत का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। 40 से अधिक देशों के शिल्पकारों, कला विशेषज्ञों, उद्योगपतियों एवं प्रतिनिधियों की सहभागिता वाले इस आयोजन में खत्री बंधुओं की प्रदर्शनी विशेष आकर्षण का केंद्र बनी हुई है।

*प्राकृतिक रंगों और पारंपरिक तकनीक ने विदेशी मेहमानों को किया आकर्षित*

खत्री बंधु अपनी प्रदर्शनी के माध्यम से बाग प्रिंट के समृद्ध इतिहास, पारंपरिक ठप्पा छपाई की तकनीक और प्राकृतिक रंगों के उपयोग की जानकारी अंतरराष्ट्रीय प्रतिनिधियों को दे रहे हैं। शुद्ध लोहे की भस्म, वनस्पतियों एवं जड़ी-बूटियों से तैयार प्राकृतिक रंगों और सागवान की लकड़ी के पारंपरिक ठप्पों से निर्मित इस कला की बारीकियां विदेशी कला प्रेमियों के लिए विशेष आकर्षण बनी हुई हैं।

*अंतरराष्ट्रीय खरीदारों की पसंद के अनुरूप तैयार किए विशेष उत्पाद*

फेस्टिवल के लिए खत्री बंधुओं ने विशेष शोध एवं तैयारी के साथ अंतरराष्ट्रीय खरीदारों और वियतनाम के स्थानीय लोगों की रुचि के अनुरूप आकर्षक उत्पाद तैयार किए हैं। इनमें प्राकृतिक रंगों से निर्मित मलबरी सिल्क, टसर सिल्क एवं कॉटन के दुपट्टे, स्कार्फ, स्टोल तथा कलात्मक होम फर्निशिंग उत्पाद शामिल हैं। उत्पादों की डिजाइन, गुणवत्ता और पारंपरिक शिल्प कौशल को स्थानीय नागरिकों, खरीदारों एवं फैशन विशेषज्ञों द्वारा सराहा जा रहा है।

*सिंगापुर यूनिवर्सिटी में होगा लाइव डेमोंस्ट्रेशन*

हनोई में आयोजन के बाद खत्री बंधु 24 एवं 25 नवंबर को सिंगापुर की प्रतिष्ठित यूनिवर्सिटी में बाग प्रिंट पर दो दिवसीय विशेष कार्यशाला, मास्टरक्लास एवं लाइव डेमोंस्ट्रेशन में सहभागिता करेंगे। इस दौरान विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों, प्रोफेसरों एवं फैशन डिजाइनरों को पारंपरिक ठप्पा छपाई, प्राकृतिक रंगों के निर्माण और बाग प्रिंट की ऐतिहासिक एवं पर्यावरण अनुकूल तकनीकों से परिचित कराया जाएगा।

*मलेशिया में भी करेंगे हस्तशिल्प कला का प्रचार-प्रसार*

सिंगापुर के बाद खत्री बंधु मलेशिया के अध्ययन एवं प्रचार दौरे पर जाएंगे। यहां विभिन्न हस्तशिल्प संगठनों, अंतरराष्ट्रीय फैशन ब्रांड्स एवं कला प्रेमियों के साथ संवाद और बैठकें प्रस्तावित हैं। इस पहल से बाग प्रिंट के अंतरराष्ट्रीय बाजार, व्यापार एवं निर्यात की संभावनाओं को विस्तार मिलने की उम्मीद है। मोहम्मद बिलाल खत्री ने बताया कि ग्लोबल क्राफ्ट फेस्टिवल के पहले दिन ही उनकी प्रदर्शनी को उत्साहजनक प्रतिक्रिया मिली है। 40 से अधिक देशों से आए प्रतिनिधि बाग प्रिंट के उत्पादों और इसकी पारंपरिक निर्माण प्रक्रिया में विशेष रुचि दिखा रहे हैं।

Next Post

फ्रैंकलिन टेम्पलटन ने गिफ्ट सिटी में अपना पहला यूएस इक्विटी आईएफएससी फंड पेश किया

Fri Nov 13 , 2026
मुंबई/गांधीनगर, 13 नवंबर (वार्ता) फ्रैंकलिन टेम्पलटन (इंडिया) ने गांधीनगर के गिफ्ट सिटी से फ्रैंकलिन यूएस इक्विटी आईएफएससी फंड पेश करने की घोषणा की है। कंपनी की एक विज्ञप्ति के अनुसार गुरुवार को घोषित यह निवेश कोष योजना गुजरात इंटरनेशनल फाइनेंस टेक सिटी (गिफ्ट सिटी) के जरिए कंपनी का पहला आउटबाउंड […]

You May Like