
मुलताई। नगर में मासोद रोड पर स्थित नगरपालिका के टेंचिंग ग्राउंड में आग लगने के कारण लगातार दो दिनों से कचरा जल रहा है।नगरपालिका की फायर ब्रिगेड द्वारा लगातार आग बुझाने का प्रयास किया जा रहा है। लेकिन आग नही बुझ पा रही है। गौरतलब है कि नगरपालिका द्वारा नगर के सभी वार्डो का कचरा एकत्रित कर कचरा वाहन से लाकर ट्रेंचिंग ग्राउंड पर डाला जाता है। पूर्व में यहां पर कचरे का पहाड़ बन गया था। नगरपालिका द्वारा लाखो रुपए का टेंडर कचरा डिस्पोज करने के लिए दिया गया था। एजेंसी द्वारा अनुबंध की शर्तों के अनुसार ट्रेंचिंग ग्राउंड से कचरा उठाकर ले गया था। जिसके बाद ट्रेंचिंग ग्राउंड पर सैकड़ो टन कचरा जमा हो गया है।जिसमे बुधवार की शाम से अज्ञात कारणों के कारण आग लग गई है। नगरपालिका के स्वच्छता प्रभारी जीआर देशमुख ने बताया ट्रेंचिंग ग्राउंड के कचरे में बुधवार की शाम अज्ञात कारणों से आग लग गई है। फायर ब्रिगेड द्वारा बुधवार से लगातार आग बुझाई जा रही है।गर्मी के दिनों में प्रतिवर्ष अपने आप आग लग जाती है। नगरपालिका द्वारा आग बुझाई जा रही है।
